खाद की कालाबाजारी पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, 120 बोरी यूरिया जब्त
एक कृषि केंद्र का लाइसेंस निरस्त, चार दुकानों को नोटिस; खरीफ सीजन में जमाखोरी और अवैध भंडारण पर सख्त कार्रवाई
धमतरी। खरीफ सीजन में किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए धमतरी जिला प्रशासन ने कालाबाजारी, जमाखोरी और अवैध भंडारण के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। कृषि विभाग की टीमों ने जिले के विभिन्न उर्वरक विक्रय केंद्रों पर औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई करते हुए 120 बोरी यूरिया जब्त किया है। इसके साथ ही एक कृषि केंद्र का उर्वरक लाइसेंस निरस्त किया गया, जबकि चार प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
जिला प्रशासन के मुताबिक किसानों को खाद की कमी से बचाने के लिए जिला और विकासखंड स्तर पर विशेष निरीक्षण दल गठित किए गए हैं। ये टीमें लगातार उर्वरक विक्रय केंद्रों की निगरानी कर रही हैं और अनियमितता मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान मेसर्स वर्षा कृषि केंद्र, भानपुरी में 120 बोरी यूरिया का अवैध भंडारण मिला। उर्वरक निरीक्षक ने मौके पर ही पूरे स्टॉक को जब्त कर उसके विक्रय पर रोक लगा दी। मामले में उर्वरक (नियंत्रण) आदेश और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वहीं मेसर्स अशोक ट्रेडर्स का उर्वरक लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया। जांच में पता चला कि लाइसेंस मिलने के बावजूद पिछले दो वर्षों से प्रतिष्ठान में उर्वरक व्यवसाय का संचालन नहीं किया जा रहा था, जिसे नियमों का उल्लंघन मानते हुए प्रशासन ने यह कार्रवाई की।
इसके अलावा हनुमान कृषि केंद्र (खरेंगा), उपकार ट्रेडर्स (कंडेल), पवन ट्रेडर्स (कंडेल) और अंजनेय कृषि केंद्र (झिरिया) में विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं पाई गईं। सभी संबंधित संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा में जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खरीफ सीजन में किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा और कालाबाजारी, जमाखोरी या अवैध भंडारण में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े :- ट्रांसपोर्टर की बर्थडे पार्टी में खूनी खेल: युवक को कैंपर से कुचलकर मार डाला, आरोपी फरार



