Google Analytics —— Meta Pixel

राजधानी में बड़ा हादसा: सोलर पैनल लगाते समय करंट की चपेट में आए दो टेक्निशियन, मौके पर मौत

रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में सोलर पैनल लगाने के दौरान हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो सोलर टेक्निशियन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मृतकों की पहचान प्रमोद चंद्राकर (25) और आशीष चंद्राकर (19) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र स्थित प्रोफेसर कॉलोनी के एक मकान की छत पर तीन तकनीशियन सोलर पैनल लगाने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान छत के समीप से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में प्रमोद और आशीष आ गए। तेज करंट लगने से दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा तकनीशियन सुरक्षित बच गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हाईटेंशन लाइन के बेहद निकट कार्य करने या सुरक्षा मानकों का पर्याप्त पालन नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच और तकनीकी रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

Back to top button
error: Content is protected !!