Google Analytics —— Meta Pixel

साय सरकार का चिंतन शिविर 3.0, पहले दिन सुशासन, तकनीक और विकसित छत्तीसगढ़ के विजन पर हुआ मंथन, कल भी जारी रहेगी चर्चा

Sai Government Chintan Shivir: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में रायपुर IIM में दो दिवसीय चिंतन शिविर 3.0 का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री समेत मंत्रिपरिषद के सभी सदस्य और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। पहले दिन सुशासन, विकसित छत्तीसगढ़, नई तकनीक, कृषि, प्रशासनिक सुधार और भविष्य की विकास रणनीति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अलग-अलग सत्रों में विस्तार से चर्चा की गई। वहीं दूसरे दिन भी कई अहम विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे और सरकार आगे की प्राथमिकताओं पर मंथन करेगी। शिविर की शुरुआत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में हुई, जहां प्रदेश के विकास को नई दिशा देने, प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। सरकार का उद्देश्य बदलते समय के अनुरूप शासन व्यवस्था में नवाचार लाना और जनसेवा को ज्यादा परिणामोन्मुखी बनाना है।

यह भी पढ़ें:- राजधानी में बड़ा हादसा: सोलर पैनल लगाते समय करंट की चपेट में आए दो टेक्निशियन, मौके पर मौत

पहले दिन आध्यात्मिक गुरु और मोटिवेशनल स्पीकर गौर गोपाल दास ने नेतृत्व, जीवन मूल्यों और सकारात्मक कार्यसंस्कृति पर अपने विचार साझा किए। इसके अलावा विशेषज्ञों ने नई तकनीक, भविष्य की शासन व्यवस्था, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था जैसे विषयों पर मंत्रियों और अधिकारियों के साथ संवाद किया। सरकार का मानना है कि इन सुझावों के आधार पर आगामी वर्षों की कार्ययोजना और विभागीय समन्वय को और मजबूत किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सुशासन सिर्फ योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि समय के साथ स्वयं को बेहतर बनाते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और बेहतर परिणामों वाली कार्यसंस्कृति विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। देशभर से आए विशेषज्ञों के अनुभव शासन व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में मदद करेंगे।

डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि लगातार तीसरे साल मंत्रिपरिषद के चिंतन शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि देश के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ विभिन्न विषयों पर अपने अनुभव साझा कर रहे हैं, जिससे नीति निर्धारण और बेहतर प्रशासन के लिए नई सोच विकसित होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस शिविर का लाभ सभी मंत्रियों और सरकार की कार्यप्रणाली को मिलेगा। शिविर के दौरान कृषि, ग्रामीण विकास, उद्योग, निवेश, पर्यटन, खेल, नवाचार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सुशासन, संस्थागत सुधार, नेतृत्व विकास और सरकारी योजनाओं की अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी पहुंच जैसे विषयों पर अलग-अलग सत्र आयोजित किए गए। इन चर्चाओं के आधार पर सरकार विभागों के बीच बेहतर तालमेल और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का रोडमैप तैयार करेगी। (Sai Government Chintan Shivir)

कल दूसरे दिन इन विषयों पर होगी चर्चा

चिंतन शिविर के दूसरे दिन योग सत्र के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके बाद पर्यटन और सेवा क्षेत्र पर सुमन बिल्ला, सार्वजनिक नीति और विकास पर शशांक मणि त्रिपाठी, नेतृत्व एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की संस्कृति पर ओलंपियन गगन नारंग, जबकि सुशासन और जनकेंद्रित प्रशासन पर डॉ. विनय सहस्रबुद्धे अपने विचार साझा करेंगे। सरकार का कहना है कि चिंतन शिविर का उद्देश्य सिर्फ विचार-विमर्श तक सीमित नहीं है, बल्कि शासन व्यवस्था में नवाचार बढ़ाना, निर्णय प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना, विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और तकनीक के माध्यम से आम जनता तक सरकारी सेवाओं की पहुंच को और तेज-आसान बनाना है। (Sai Government Chintan Shivir)

Back to top button
error: Content is protected !!