छत्तीसगढ़ में चिंतन शिविर पर सियासी वार-पलटवार, कांग्रेस और BJP के बीच जुबानी जंग तेज
Politics on Chintan Shivir: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार के दो दिवसीय चिंतन शिविर 3.0 को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। एक ओर जहां सरकार इसे सुशासन, बेहतर प्रशासन और भविष्य की विकास रणनीति तैयार करने की अहम पहल बता रही है, वहीं कांग्रेस ने इसे नौटंकी करार देते हुए सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस ने कहा कि ढाई साल के कार्यकाल में सरकार विकास और जनहित के मुद्दों पर विफल रही है, जबकि भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताते हुए विपक्ष की मानसिकता पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने भाजपा सरकार के दो दिवसीय चिंतन शिविर पर निशाना साधते हुए इसे मनोरंजक नौटंकी करार दिया। कांग्रेस का कहना है कि सरकार ढाई साल तक प्रभावी ढंग से काम नहीं कर पाई और अब कार्यकाल के बीच में सरकार चलाने की सीख दी जा रही है।
यह भी पढे़ं:- साय सरकार का चिंतन शिविर 3.0, पहले दिन सुशासन, तकनीक और विकसित छत्तीसगढ़ के विजन पर हुआ मंथन, कल भी जारी रहेगी चर्चा
साय कैबिनेट के चिंतन शिविर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तंज कसा है। बघेल ने कहा है कि हमारी सरकार में IIM के स्टूडेंट्स सरकार के कामकाज देखने आते थे, भाजपा की सरकार में खुद ही मंत्री-मुख्यमंत्री ट्रेनिंग लेने IIM जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उल्टे घड़े में पानी डालने से पानी रुकता नहीं है। यानी सिर्फ प्रशिक्षण से सरकार की कार्यशैली नहीं बदलने वाली। कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि फेयरवेल के समय सरकार चलाने के ट्रेनिंग मंत्री ले रहे हैं, चिंतन शिविर में लोगों को ठगने का गुण सीखने गए हैं। उन्होंने आगे कहा कि सरकार विकास के मोर्चे पर कोई बड़ा काम नहीं कर पाई। युवाओं को रोजगार नहीं मिला, शिक्षकों की भर्ती नहीं हुई, किसानों और महिलाओं से किए गए वादे पूरे नहीं हुए। ऐसे में अब चिंतन शिविर के जरिए सरकार अपनी नाकामियों पर पर्दा डालने की कोशिश कर रही है। (Politics on Chintan Shivir)

कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। लोगों को जिंदा जलाने, घरों में घुसकर गोलीबारी करने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। कलेक्टर और एसपी कार्यालयों तक में आगजनी की घटनाएं हुईं। किसान खाद के लिए परेशान हैं, युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं और महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। ऐसे हालात में सरकार जनता के बीच नजर नहीं आती, लेकिन अब चिंतन शिविर के जरिए सरकार चलाने पर मंथन किया जा रहा है। इस पर डिप्टी CM अरुण साव पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रही है। छत्तीसगढ़ की जनता ने इन्हें 5 साल सत्ता से दूर रखने का आदेश दिया है। एक ही परिवार की चाटुकारिता करने भय, भ्रम और भ्रष्टाचार की राजनीति करने वाले कांग्रेस के लोग प्रशिक्षण का महत्व नहीं समझ सकते हैं। (Politics on Chintan Shivir)

साव ने कहा कि जनता से कांग्रेस का कोई सरोकार नहीं है, इसलिए उन्हें इस चिंतन शिविर का महत्व उन्हें समझ नहीं आएगा। कांग्रेस की छोटी मानसिकता और सोच को उजागर करता है। साव ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के उस बयान पर भी पलटवार किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर निष्पक्ष चुनाव हों तो भाजपा के विधायक इनोवा में आ जाएंगे। इस पर साव ने कहा कि हर चुनाव में हार के बावजूद भूपेश बघेल वास्तविक स्थिति को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कई राज्यों में लगभग समाप्त हो चुकी है और उसकी स्थिति ऐसी है कि स्कूटी के लायक भी प्रतिनिधि नहीं जीत पा रहे हैं। हर बार चुनाव में पराजित होने के बाद भी भूपेश बघेल को स्थिति समझ नहीं आ रही है। ऐसे सपने पूरे होते नहीं है। कांग्रेस कई राज्यों में न के बराबर है। छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकार मजबूती से चल रही है। जनता ने कांग्रेस को हर चुनाव में पराजित किया है। इस तरह सरकार के चिंतन शिविर को लेकर सत्ता और विपक्ष आमने-सामने आ गए हैं। जहां भाजपा इसे सुशासन और प्रशासनिक सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बता रही है, वहीं कांग्रेस इसे सरकार की विफलताओं से ध्यान भटकाने का प्रयास करार दे रही है।



