Google Analytics —— Meta Pixel

दिल्ली के बाद मुजफ्फरपुर में भीषण अग्निकांड: ICU में लगी आग, 4 मरीजों की मौत

Muzaffarpur Prasad Hospital Fire : बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित प्रसाद हॉस्पिटल के आईसीयू वार्ड में बुधवार देर रात भीषण आग (Muzaffarpur Prasad Hospital Fire) लगने से 4 मरीजों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग झुलस गए। हादसा रात करीब 3 बजे हुआ। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, आग अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर स्थित आईसीयू में लगी। शॉर्ट सर्किट के बाद एसी यूनिट में विस्फोट होने लगे, जिससे आग तेजी से पूरे वार्ड में फैल गई। धुएं और लपटों के बीच मरीजों में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ऊपरी मंजिल पर आग लगने के कारण बचाव कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। दमकलकर्मियों ने खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर आईसीयू सहित अन्य वार्डों में फंसे मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला।

आईसीयू में भर्ती 93 वर्षीय राधा देवी ने बताया कि वार्ड में अचानक धुआं भरने लगा। उन्होंने ऑक्सीजन मास्क हटाकर बाहर निकलते हुए सुरक्षा कर्मियों को आग लगने की सूचना दी।

प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि हादसे के दौरान अस्पताल प्रबंधन की ओर से लापरवाही बरती गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि आग लगने के बाद कई डॉक्टर और कर्मचारी मरीजों को छोड़कर चले गए। वहीं कुछ लोगों ने यह भी दावा किया कि समय पर पर्याप्त पानी और राहत व्यवस्था उपलब्ध होती तो मृतकों की संख्या कम हो सकती थी।

मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि हादसे के समय आईसीयू में करीब 15 मरीज भर्ती थे।

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आग से दम घुटने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना के बाद शहर में शोक की लहर है और निजी अस्पतालों में सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। (Muzaffarpur Prasad Hospital Fire)

यह भी पढ़े :- Rashifal 4 June 2026 : आज गुरुवार का राशिफल, क्या कहती है आपकी राशि, कैसा रहेगा आपका दिन, जानें सभी राशियों का भविष्यफल

Back to top button
error: Content is protected !!