Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर में सफाई ठेकेदारों की हड़ताल, 70 वार्डों में ठप हुई सफाई व्यवस्था, भुगतान विवाद ने बढ़ाई टेंशन

Sanitation Contractors Strike: रायपुर नगर निगम की सफाई व्यवस्था एक बार फिर गंभीर संकट में आ गई है। भुगतान नहीं मिलने से नाराज सफाई ठेकेदारों ने पूरे शहर में काम बंद कर दिया है। इसका सीधा असर राजधानी के सभी 70 वार्डों में देखने को मिल रहा है, जहां नियमित कचरा उठाव और सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई है। सफाई ठेकेदारों का आरोप है कि नगर निगम प्रशासन की ओर से उन्हें पिछले चार महीनों से भुगतान नहीं किया गया है। लगातार पत्राचार और शिकायतों के बावजूद जब कोई समाधान नहीं निकला, तो ठेकेदारों ने काम बंद करने का फैसला लिया।

यह भी पढ़ें:- भारत में रुद्रम-2 का सफल परीक्षण, 300 किमी दूर तक दुश्मन के एयर डिफेंस सिस्टम को करेगा ध्वस्त

ठेकेदारों का कहना है कि कर्मचारियों को वेतन देना मुश्किल हो गया है। डीजल और वाहन संचालन का खर्च बढ़ता जा रहा है। निगम से बार-बार आश्वासन मिला, लेकिन भुगतान नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले ही सफाई ठेकेदारों ने नगर निगम आयुक्त और नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी को लिखित ज्ञापन सौंपा था। इसमें चेतावनी दी गई थी कि अगर बकाया राशि का भुगतान जल्द नहीं किया गया, तो वे हड़ताल पर चले जाएंगे। इसके बावजूद समाधान न निकलने पर बुधवार से सभी ठेकेदारों ने काम पूरी तरह बंद कर दिया। हड़ताल का असर पहले ही दिन शहर में साफ दिखाई देने लगा है।

 70 वार्डों में फैला संकट

बुधवार सुबह कई वार्डों में कचरा उठाव नहीं हो सका, जिससे डोर-टू-डोर कलेक्शन पूरी तरह प्रभावित हो गया। समय पर सफाई न होने के कारण मुख्य सड़कों, मोहल्लों और गलियों में कचरे के ढेर जमा हो गए। जगह-जगह फैली गंदगी और उठती बदबू से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर यही स्थिति रही तो आने वाले दिनों में हालात और खराब हो सकते हैं। रायपुर नगर निगम के सभी 70 वार्ड इस हड़ताल की चपेट में हैं। सबसे ज्यादा असर घनी आबादी वाले क्षेत्रों और बाजार इलाकों में देखा जा रहा है, जहां रोजाना बड़ी मात्रा में कचरा निकलता है। (Sanitation Contractors Strike)

यूजर चार्ज बढ़ोतरी से बढ़ा विवाद

हाल ही में नगर निगम ने आवासीय और व्यावसायिक यूजर चार्ज बढ़ाने का फैसला लिया था, जिसका पहले से ही विरोध हो रहा है। अब सफाई ठेकेदारों की हड़ताल ने विवाद को और गहरा कर दिया है। विपक्ष का आरोप है कि निगम जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल रहा है, लेकिन ठेकेदारों का भुगतान समय पर नहीं किया जा रहा। पूरी व्यवस्था वित्तीय अव्यवस्था का शिकार है। नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने इस मुद्दे पर नगर निगम प्रशासन को घेरा है। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था पहले से ही कमजोर है। चार महीने से भुगतान रोकना प्रशासन की बड़ी लापरवाही है। तुरंत बकाया भुगतान कर सफाई व्यवस्था को बहाल किया जाए। (Sanitation Contractors Strike)

शहर में बढ़ सकता है संकट

जानकारों के मुताबिक हड़ताल लंबी चली तो शहर में कचरे का संकट बढ़ सकता है। मच्छर और संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ेगा। डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का जोखिम बढ़ सकता है। गर्मी और आने वाले मौसम को देखते हुए स्थिति और गंभीर हो सकती है। नगर निगम प्रशासन की ओर से फिलहाल ठेकेदारों से बातचीत की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि समस्या के समाधान के लिए उच्च स्तर पर चर्चा चल रही है और जल्द ही स्थिति सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अगर जल्द समाधान नहीं निकला, तो यह हड़ताल लंबे समय तक चल सकती है, जिससे राजधानी रायपुर में कचरा संकट और प्रशासनिक दबाव दोनों बढ़ने की संभावना है।

Back to top button
error: Content is protected !!