Google Analytics —— Meta Pixel

अग्निवीरों को 2 साल अतिरिक्त सेवा का मौका, CM साय ने PM मोदी के फैसले का किया स्वागत

अग्निवीर अब चार साल की सेवा के बाद दो साल और देश की सेवा कर सकेंगे। केंद्र के सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी फैसले पर CM विष्णुदेव साय ने PM मोदी का जताया आभार।

रायपुर। देश की सेना में अग्निवीर के रूप में सेवाएं दे रहे युवाओं के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अग्निवीरों के लिए दो साल के अतिरिक्त ‘सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी’ को मंजूरी दी है। इस फैसले के बाद अग्निवीरों को अपनी शुरुआती चार साल की सेवा पूरी करने के बाद दो साल और राष्ट्रसेवा करने का अवसर मिल सकेगा। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्र सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे दूरदर्शी और युवाओं के हित में महत्वपूर्ण पहल बताया है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र सरकार का यह फैसला अग्निवीरों के अनुभव, प्रशिक्षण और सैन्य कौशल का देशहित में बेहतर उपयोग सुनिश्चित करेगा। इससे युवाओं को सेना में अपनी सेवाएं जारी रखने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा और राष्ट्रसेवा के प्रति उनका उत्साह भी बढ़ेगा।

अग्निवीरों को मिलेगा दो साल अतिरिक्त सेवा का मौका

मुख्यमंत्री ने कहा कि चार वर्ष की प्रारंभिक सेवा पूरी करने के बाद इच्छुक अग्निवीरों को दो साल तक और देश की सेवा करने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा निर्धारित चयन मानदंडों को पूरा करने वाले अग्निवीर नियमित सैन्य सेवा में भी शामिल हो सकेंगे।

उन्होंने कहा कि इस फैसले से सेना को प्रशिक्षित और अनुभवी युवाओं की क्षमताओं का लाभ मिलेगा। अग्निवीरों ने अपने सेवाकाल के दौरान जो अनुशासन, तकनीकी दक्षता और सैन्य अनुभव हासिल किया है, उसका उपयोग देश की रक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने में किया जा सकेगा।

CM साय बोले- युवाओं के मनोबल को मिलेगी नई मजबूती

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह निर्णय केवल अग्निवीरों के लिए अतिरिक्त सेवा का अवसर नहीं है, बल्कि राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित युवाओं के मनोबल को मजबूत करने वाला कदम भी है। इससे सैन्य क्षेत्र में युवाओं के लिए आगे बढ़ने के नए रास्ते खुलेंगे।

मुख्यमंत्री ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की यह पहल युवाओं की क्षमता और अनुभव को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

Back to top button
error: Content is protected !!