Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ की राजनीति में शोक की लहर, भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने ली अंतिम सांस

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति से एक दुखद खबर सामने आई है। दुर्ग जिले की अहिवारा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का आज शुक्रवार को 78 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से फेफड़ों की बीमारी से जूझ रहे थे। उनका हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में उपचार चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से भाजपा संगठन सहित अहिवारा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

विधायक के निधन की सूचना मिलते ही प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, विधायक ललित चंद्राकर और पूर्व विधायक लाभचंद बाफना उनके निवास पहुंचे। सभी ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

दो बार अहिवारा से बने विधायक

डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का राजनीतिक जीवन जनसेवा और संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़ा रहा। उन्होंने वर्ष 2008 में भाजपा के टिकट पर पहली बार अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतकर विधानसभा में प्रवेश किया था। इसके बाद वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने एक बार फिर जीत दर्ज की और दूसरी बार विधायक बने।

वर्ष 2023 में 75 वर्ष की उम्र में विधानसभा चुनाव जीतने के बाद वे छत्तीसगढ़ की छठवीं विधानसभा के सबसे बुजुर्ग सदस्यों में शामिल हुए। उनकी राजनीतिक वरिष्ठता और अनुभव को देखते हुए अक्टूबर 2025 में राज्य सरकार ने उन्हें छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया था। उन्होंने 25 नवंबर 2025 को मंत्रालय में इस पद का कार्यभार संभाला था।

शिक्षा और शासकीय सेवा से भी रहा जुड़ाव

डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का जन्म 12 अगस्त 1948 को हुआ था। उन्होंने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर से उच्च शिक्षा प्राप्त की थी। वर्ष 1985 में उन्होंने एमए और बीएड की डिग्री हासिल की। शिक्षा पूरी करने के बाद वे शासकीय सेवा से जुड़े और सेवानिवृत्ति के बाद सक्रिय राजनीति में कदम रखा।

किरण सिंह देव ने जताया शोक, भाजपा के लिए बताया अपूरणीय क्षति

अहिवारा विधायक के निधन पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन का समाचार अत्यंत दुखद, हृदयविदारक और स्तब्ध करने वाला है।

उन्होंने कहा कि कोर्सेवाड़ा का संपूर्ण जीवन जनसेवा, संगठन के प्रति समर्पण और क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा। उनका निधन भाजपा परिवार के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की राजनीति के लिए भी अपूरणीय क्षति है।

किरण सिंह देव ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिजनों, समर्थकों एवं शुभचिंतकों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Back to top button
error: Content is protected !!