AI Training India: 10 लाख लोगों को मिलेगा मुफ्त एआई प्रशिक्षण, वीएलई को दी जाएगी प्राथमिकता

AI Training India: नई दिल्ली, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के अंतर्गत कॉमन सर्विस सेंटर (CSC SPV) ने द्वारका स्थित यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में डिजिटल इंडिया के 10 साल पूरे होने का उत्सव मनाया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और राज्य मंत्री जितिन प्रसाद की उपस्थिति रही।
मुफ्त एआई प्रशिक्षण की घोषणा AI Training India
कार्यक्रम में वैष्णव ने 10 लाख नागरिकों को निशुल्क आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) प्रशिक्षण देने की घोषणा की। इसके तहत ग्राम स्तरीय उद्यमियों (VLE) को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा, “वीएलई भाई-बहनों ने डिजिटल इंडिया को हर नागरिक तक पहुंचाकर एक मिसाल कायम की है। जब दुनिया सवाल उठा रही थी कि चायवाला या सब्जीवाला डिजिटल भुगतान कैसे करेगा, तब हमारे नागरिकों ने यूपीआई को वीज़ा ट्रांजैक्शन से आगे पहुंचा दिया।”
सीएससी नेटवर्क का 5.5 लाख तक विस्तार
AI Training India: राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने बताया कि 2014 में जहां केवल 83,000 CSC सेंटर थे, अब इनकी संख्या बढ़कर 5.5 लाख हो चुकी है। उन्होंने कहा, “डिजिटल इंडिया के लाभों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य है। 74,000 से अधिक महिला वीएलई, डिजिटल सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।”
अन्य प्रमुख घोषणाएं और निर्देश
-
सभी वीएलई को आईआरसीटीसी सेवाएं प्रदान करने का निर्देश
-
राज्य आईटी एजेंसियों को सीएससी-एसपीवी से जोड़ने के लिए राज्यों से संपर्क की प्रतिबद्धता
-
कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों में साइबर सुरक्षा और डिजिटल जागरूकता को बढ़ावा देने पर जोर
वीएलई की सफलता की कहानियाँ
AI Training India: मंत्री महोदय ने मयूरभंज की वीएलई मंजुलता और मेघालय की वीएलई रोज एंजेलिना का उदाहरण देते हुए बताया कि कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने डिजिटल सेवाओं के ज़रिए समुदाय को सशक्त किया।
सीएससी का योगदान: अब गांव-गांव डिजिटल सशक्तिकरण
सीएससी एसपीवी के एमडी और सीईओ संजय राकेश ने कहा, “अब सरकारी सेवाओं के लिए शहरों का रुख नहीं करना पड़ता। CSC केंद्र दूरदराज के इलाकों में G2C और B2B सेवाएं घर-घर पहुंचा रहे हैं। यह समावेशिता और सशक्तिकरण का नया मॉडल है।”
देशभर में मनाया गया सीएससी दिवस
15-16 जुलाई को दिल्ली में भव्य समारोह आयोजित किया गया। इसके साथ ही, 1 से 15 जुलाई तक देशभर के CSC केंद्रों ने इस उत्सव को सक्रिय जनभागीदारी के साथ मनाया। बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले वीएलई को सम्मानित किया गया।
डिजिटल इंडिया: एक दशक का परिवर्तन
AI Training India: 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई डिजिटल इंडिया योजना ने देश को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी डिजिटल अर्थव्यवस्था बना दिया है। आज सीएससी नेटवर्क के ज़रिए लोग आसानी से आधार, पैन, बैंकिंग, बीमा, शिक्षा, स्वास्थ्य, टेली-लॉ और ई-कॉमर्स जैसी सेवाएं प्राप्त कर पा रहे हैं।



