अजय चंद्राकर का कांग्रेस पर तीखा हमला, मनरेगा से लेकर पीएम आवास तक किए बड़े दावे
रायपुर । बालोद दौरे पर पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने सोमवार को केंद्रीय बजट, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना और कांग्रेस की राजनीति को लेकर तीखी बयानबाज़ी की। पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि पहले मनरेगा के लिए करीब 95 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान था, जिसे अब बढ़ाकर डेढ़ लाख करोड़ रुपये से अधिक कर दिया गया है।
यह भी पढ़े :- सामूहिक आत्महत्या से सनसनी, एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत
चंद्राकर ने दावा किया कि बढ़े हुए बजट से 150 दिन रोजगार का लक्ष्य पूरा किया जाएगा, जिससे मजदूरों, किसानों और ग्रामीण वर्ग को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की मंशा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की है।
मनरेगा नाम विवाद पर भूपेश बघेल पर निशाना
मनरेगा के नाम को लेकर उठे विवाद पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर हमला बोलते हुए चंद्राकर ने कहा कि योजना की शुरुआत के समय विधेयक में राज्य का नाम जोड़ने का प्रावधान था, इसी वजह से छत्तीसगढ़ में इसे ‘छत्तीसगढ़ रोजगार गारंटी अधिनियम’ कहा गया। बाद में विरोध के चलते महात्मा गांधी का नाम जोड़ा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि नाम बदलने की शुरुआत कांग्रेस ने ही की थी।
प्रधानमंत्री आवास योजना पर कांग्रेस को चुनौती
प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर चंद्राकर ने दावा किया कि प्रदेश में अब तक 28 लाख से अधिक मकानों का निर्माण किया जा चुका है। उन्होंने कांग्रेस को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि कोई इन आंकड़ों को गलत साबित कर दे, तो वे इनाम देने को तैयार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा गरीबों और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं में अड़ंगा डालती रही है।
धान खरीदी और अन्य मुद्दों पर बयान
धान खरीदी को लेकर उठे सवालों पर चंद्राकर ने कहा कि अंतिम आंकड़े आने के बाद ही विस्तृत चर्चा की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे सवालों से भागने वाले नहीं हैं, लेकिन तथ्यों के आधार पर ही जवाब देना उचित है।
कवासी लखमा के विधानसभा में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने इसे संवैधानिक विषय बताते हुए टिप्पणी करने से इनकार किया। वहीं प्रदेश में टीबी के बढ़ते मामलों को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार राज्य को टीबी मुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चला रही है और जांच बढ़ने के कारण ही अधिक मामले सामने आ रहे हैं।



