विधायक अजय चंद्राकर के गाड़ने वाले बयान पर सियासत, कांग्रेस ने कहा- एम्स में कराएं मानसिक चेकअप

Ajay Chandrakar Viral Video: धमतरी जिले के कुरुद से बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे प्रदेश की सियासत गरमा गई है। वायरल वीडियो में विधायक चंद्राकर फोन पर एक अधिकारी से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान पानी छोड़ने के मुद्दे पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि दिखता तो वहीं पर गाड़ देता उसको, वो जानता नहीं Who is अजय चंद्राकर। ऐसे लोगों को मत भेजा करो, जो प्रशासन की छवि खराब करे। अब किसी को भेजना नहीं है, साहब। बस पानी छोड़ना है। वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने विधायक पर निशाना साधते हुए मानसिक चेकअप कराने की सलाह दी है। वहीं बीजेपी ने अजय चंद्राकर का बचाव करते हुए कहा कि नाराजगी में कई बार ऐसे शब्द निकल जाते हैं, लेकिन मूल उद्देश्य जनता की भलाई था।
वायरल वीडियो में अजय चंद्राकर के साथ कुछ जनप्रतिनिधि बैठे दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि विधायक किसी अधिकारी से फोन पर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों को पानी नहीं मिलने और एक अधिकारी द्वारा ग्रामीणों को नेतागिरी करने की बात कहे जाने पर विधायक नाराजगी जताते सुनाई दे रहे हैं। वीडियो में विधायक कहते सुनाई दे रहे हैं कि उस दिन पानी के लिए कहा गया था। इसके बाद तीन दिन बारिश हुई, लेकिन तेज बारिश के कारण खेतों में बचा हुआ पानी भी निकल गया और खेतों की मेढ़ तक टूट गई। इसके बाद विधायक अधिकारी से कहते सुनाई दे रहे हैं कि गांव वालों को नेतागिरी करने की बात कही जा रही थी। इसी दौरान उनके मुंह से विवादित शब्द भी निकले। विधायक आगे अधिकारी से यह भी कहते सुनाई दे रहे हैं कि ऐसे लोगों को नहीं भेजा जाए, जो आपकी छवि और प्रशासन की छवि खराब करें। इसके बाद वह साफ तौर पर कहते हैं कि ‘अब किसी को भेजना नहीं है साहब, पानी छोड़ना है।’ (Ajay Chandrakar Viral Video)
क्या है पूरा मामला ?
मगरलोड जनपद अध्यक्ष वीरेंद्र साहू के मुताबिक परेवाडीह गांव के किसानों को खेतों के लिए पानी की जरूरत थी। इसी दौरान बारिश होने से खेतों में जमा पानी भी बह गया। वहीं नहर का एक हिस्सा टूट गया था, जिसकी मरम्मत के दौरान पर्याप्त मिट्टी नहीं डाले जाने की बात भी सामने आई। इसी वजह से नहर में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा था और परेवाडीह समेत आसपास के गांवों में करीब 100 एकड़ फसल के लिए पानी की जरूरत थी। इस मामले की शिकायत जिला पंचायत में की गई थी। इसके बाद जिला पंचायत अध्यक्ष ने सिंचाई विभाग से बात की और संबंधित अधिकारी को मौके पर भेजा गया था। जनपद अध्यक्ष के मुताबिक मौके पर पहुंचे अधिकारी ने ग्रामीणों से नेतागिरी करने की बात कही थी। मगरलोड जनपद अध्यक्ष वीरेंद्र साहू ने कहा कि इसी दौरान परेवाडीह गांव में सीआरपीएफ जवान के अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे विधायक अजय चंद्राकर को ग्रामीणों की समस्या की जानकारी दी गई। इसके बाद विधायक ने सिंचाई विभाग के किसी अधिकारी से फोन पर बात की और खेतों के लिए पानी छोड़ने को लेकर निर्देश दिए गए थे।
कांग्रेस ने चंद्राकर पर बोला हमला
इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस ने अजय चंद्राकर पर निशाना साधा है। कांग्रेस के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि अजय चंद्राकर जी मंत्रिमंडल से बाहर रहने के बाद फ्रॉस्टेड हो गए हैं। वो लगातार अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व को संज्ञान लेना चाहिए। अजय चंद्राकर जैसे वरिष्ठ नेता से मैं भी अनुरोध करूंगा कई बार स्थितियां परिस्थितियां ठीक नहीं रहती है मानसिक स्थिति खराब होती है। आप छत्तीसगढ़ एम्स में जाइए और अपना पूरा मानसिक चेकअप कराइये, थोड़ा आराम करिए, आप जैसे वरिष्ठ नेता का अगर मानसिक संतुलन खो जाएगा तो निश्चित तौर पर प्रदेश का नुकसान है। वहीं वायरल वीडियो और कांग्रेस के बयान पर नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष और भाजपा नेता संजय श्रीवास्तव ने पलटवार किया है। साथ ही विधायक अजय चंद्राकर का बचाव भी किया।
इस वीडियो पर हो रहा विवाद
उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने अगर किसी एक्जीक्यूटिव इंजीनियर के लिए ऐसा कहा है तो उसके मूल में जाने की जरूरत है, क्योंकि नाराजगी में कई बार ऐसे कथन निकल जाते हैं। स्लीप ऑफ टंग्स हो जाते हैं, लेकिन उसका मूल उद्देश्य जनता की भलाई थी। जनता की भलाई में अधिकारी को बुलाया गया होगा और काम नहीं हुआ होगा तभी नाराजगी जाहिर की गई होगी। कांग्रेस जिंदगीभर जो अमर्यादित काम करते रहें वो हमें मर्यादा न सिखाये, अधिकारी हैं तो उन्हें काम करना पड़ेगा। वायरल वीडियो के सामने आने के बाद अब इस मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। एक तरफ कांग्रेस अजय चंद्राकर की भाषा को लेकर सवाल उठा रही है तो दूसरी ओर बीजेपी की ओर से इसे जनता की समस्या को लेकर जताई गई नाराजगी बताया जा रहा है। (Ajay Chandrakar Viral Video)



