राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग में आकाश चंद्राकर का शानदार प्रदर्शन, दो स्वर्ण और तीन रजत पदक जीतकर बढ़ाया आरंग क्षेत्र का गौरव

आरंग। राष्ट्रीय स्तर की पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में ग्राम नारा के युवा खिलाड़ी आकाश चंद्राकर, पिता प्रहलाद चंद्राकर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक साथ पांच पदक अपने नाम किए। रायपुर में आयोजित राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता-2026 में आकाश ने अपनी दमदार प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और तीन रजत पदक हासिल किए।
प्रतियोगिता के स्ट्रेंथ लिफ्टिंग वर्ग में आकाश ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीते। वहीं पावरलिफ्टिंग वर्ग में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए तीन रजत पदक अपने नाम किए। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में एक साथ पांच पदक हासिल करना उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
जिला पंचायत सदस्य वतन चंद्राकर ने किया सम्मान
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन करने पर जिला पंचायत रायपुर के सदस्य वतन चंद्राकर ने आकाश चंद्राकर का सम्मान किया। उन्होंने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आकाश को बधाई दी और उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि आकाश चंद्राकर की उपलब्धि क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी है। सीमित संसाधनों के बावजूद निरंतर अभ्यास, अनुशासन और कड़ी मेहनत के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर पांच पदक हासिल करना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
वतन चंद्राकर ने कहा कि आकाश ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आकाश आगामी प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए आरंग के साथ छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।
आकाश की इस उपलब्धि से ग्राम नारा सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और खेलप्रेमियों ने उन्हें आगे भी इसी तरह सफलता हासिल करने की शुभकामनाएं दी हैं।
यह भी पढ़े :- इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने आए, शौक ने बनाया चेन स्नैचर; युवक-युवती गिरफ्तार



