Google Analytics —— Meta Pixel

महाकुंभ को लेकर अखिलेश यादव ने फिर साधा निशाना, बीजेपी ने कहा- सपा प्रमुख को सफलता रास नहीं आ रही

Akhilesh on Maha Kumbh: समाजवादी पार्टी के प्रमुख और लोकसभा सांसद अखिलेश यादव ने महाकुंभ को लेकर फिर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सुनने में आ रहा है कि महाकुंभ के दौरान बीजेपी की योजना थी कि प्रधानमंत्री के चेहरे के तौर पर CM योगी आदित्यनाथ का नाम घोषित किया जाए। वे इसे राजनीतिक कुंभ बनाना चाहते थे। यह कोई धार्मिक कुंभ नहीं था। अखिलेश ने आगे कहा कि शिवराज गुप्ता की उस रात संगम नोज पर भगदड़ मचने से मौत हो गई थी। झारखंड से उनके भतीजे हमारे यहां हैं। सरकार ने जो मुआवजा देने का आश्वासन दिया था, वह अभी तक पूरा नहीं हुआ है और उन पर दबाव भी बनाया जा रहा है। यह तो एक घटना है और भी कई कहानियां हैं।

यह भी पढ़ें:- BJP वाले फूट डालो और राज करो का खेल खेलने की योजना बना रहे: CM ममता बनर्जी

उन्होंने कहा कि सरकार आंकड़े क्यों छिपा रही है? सरकार तारीख छिपा रही है, ताकि मुआवजा न देना पड़े। कई लोग अभी भी परिजनों का इंतजार कर रहे हैं। इस पर भाजपा नेता आर.पी. सिंह ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव महाकुंभ की सफलता रास नहीं आ रही। सनातन का इतना बड़ा पर्व हुआ, 64-65 करोड़ श्रद्धालुओं ने इसमें डुबकी लगाई, यह उनके गले से नहीं उतर रहा। इसीलिए वह सनातन और महाकुंभ की आलोचना करने के नए-नए बहाने ढूंढ रहे हैं। (Akhilesh on Maha Kumbh)

अखिल भारतीय इमाम संघ ने दी सलाह

वहीं अखिल भारतीय इमाम संघ (AIIA) के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने अखिलेश यादव के बयान पर कहा कि आस्था के प्रतीक महाकुंभ पर इस तरह का बयान देना ठीक नहीं है, क्योंकि इससे मुसलमानों पर सैकड़ों तरह की जवाबी टिप्पणियां करने का मौका मिलता है। क्या वह इसके लिए साजिश कर रहे हैं? किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना ठीक नहीं है। इधर, सपा प्रमुख ने मुर्शिदाबाद हिंसा पर कहा कि पश्चिम बंगाल में कार्रवाई हो रही है, जांच चल रही है। कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। दंगे भड़काने के पीछे अगर कोई है तो वो हमेशा भाजपा ही है। भाजपा के लोग समाज में ऐसे विवाद पैदा करना चाहते हैं, ताकि वो राजनीतिक फायदा उठा सकें। (Akhilesh on Maha Kumbh)

सुवेंदु अधिकारी ने किया पलटवार

इस पर पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष और बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि हम अपनी संस्कृति और धर्म को जीवित रखने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल में हिंदू खतरे में हैं। हम एनआईए चाहते हैं। इस तरह की क्रूर हत्या के लिए राज्य पुलिस पूरी तरह जिम्मेदार है। यहां हर कोई चाहता है कि एनआईए आए और मामले को अपने हाथ में ले। अखिलेश यादव का बयान राजनीति से प्रेरित है। UP के डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि साजिश करते-करते समाजवादी पार्टी जल्द ही समाप्तवादी पार्टी बन जाएगी। समाजवादी पार्टी सत्ता के लिए बेचैन है। 2027 में सपा का सियासी समापन तय है। समाजवादी अब सिर्फ नाम रहेगा। असल में 2027 विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी ‘समाप्तवादी’ कहलाएगी। यूपी में फिर जोर-शोर से कमल खिलेगा। (Akhilesh on Maha Kumbh)

Back to top button
error: Content is protected !!