Lok Sabha Election Voting: अक्षय ने नागरिकता मिलने के बाद पहली बार किया मतदान, निभाया फर्ज
Lok Sabha Election Voting: अक्षय कुमार ने सोमवार को मुंबई में लोकसभा चुनाव 2024 के लिए वोट डाला। भारतीय नागरिकता वापस मिलने के बाद यह उनका पहला वोट था। इससे पहले उन्होंने कनाडा की सिटीजनशिप ले रखी थी जो कुछ वक्त पहले ही वापस ली है। वोटिंग के दौरान अक्षय ने लोगों को वोट डालने का संदेश दिया और बताया कि क्या सोचकर वोट दिया है।
अक्षय कुमार भारत की नागरिकता वापस पाने के बाद मुंबई में अपना वोट डालने गए। इस दौरान अक्षय बोले, मैं चाहूंगा कि मेरा भारत विकसित रहे, मजबूत रहे बस उसी को दिमाग में रखते हुए मैंने वोट किया, उसी को दिमाग में रखते हुए पूरा भारत वोट करे।
अक्षय ने बताया कि वह सुबह 7 बजे वोट डालने आ गए थे। अक्षय बोले, मुझे लगता है कि अच्छे वोट पड़ेंगे। मैं यहां पोलिंग बूथ पर सुबह 7 बजे आया था और करीब 500-600 लोग अंदर थे। उनसे किसी जर्नलिस्ट ने पूछा कि क्या वह लाइन में लगकर वोट डालने गए थे। इस पर अक्षय ने हंसकर जवाब दिया, क्या करूं लाइन तोड़कर घुस जाऊं।
बता दे कि अगस्त 2023 में अक्षय कुमार ने भारतीय नागरिकता के डॉक्यूमेंट्स के साथ तस्वीर शेयर करके लिखा था, दिल और नागरिकता दोनों से हिंदुस्तानी। स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं,जय हिंद। ANI से बातचीत में अक्षय कुमार ने बताया था कि वह 9-10 साल से कनाडा नहीं गए और इत्तेफाक है कि उनको 15 अगस्त को नागरिकता वाला लेटर मिला। (Lok Sabha Election Voting)
फिल्म अभिनेता और निर्देशक फरहान अख्तर और उनकी बहन जोया अख्तर सुबह-सुबह वोट डालने पहुंचे। दोनों ने बांद्रा स्थित मतदान केंद्र में ईवीएम का बटन दबाया। मालूम हो कि कई कलाकारों ने पूर्व में लोगों से मतदान करने की अपील की थी और आज फिल्मी सितारों के वोट डालने की तस्वीरों को देखकर, आम लोगों में भी मतदान के प्रति उत्साह देखे जाने की उम्मीद है।
‘श्रीकांत’ और ‘मिस्टर एंड मिसेज माही’ फिल्म से चर्चा बटोर रहे अभिनेता राजकुमार राव भी सुबह-सुबह मतदान केंद्र पर पहुंच गए। उन्होंने ज्ञानकेंद्र हाई स्कूल में अपना वोट डालकर नागरिक होने का फर्ज अदा किया। अक्षय कुमार, राजकुमार राव, फरहान अख्तर और जोया अख्तर के अलावा अभिनेत्री सान्या मल्होत्रा भी पोलिंग बूछ पर दिखाई दी। सान्या ने भी ज्ञानकेंद्र हाई स्कूल में अपना वोट डाला। (Lok Sabha Election Voting)



