Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ सरकार ने नगरीय निकायों में एल्डरमैन किए नियुक्त, रायपुर नगर निगम में सबसे ज्यादा 11 मनोनीत पार्षद, देखें पूरी लिस्ट

Aldermen Appointed in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के अलग-अलग निकायों में लंबे समय से लंबित एल्डरमैन (मनोनीत पार्षद) नियुक्तियों को मंजूरी देते हुए सूची जारी कर दी है। नगरीय प्रशासन और विकास विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक रायपुर और सरगुजा संभाग के नगर निगमों, नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों में एल्डरमैन नियुक्त किए गए हैं। इनमें रायपुर नगर निगम में सबसे ज्यादा 11 एल्डरमैन नियुक्त किए गए हैं।

यह भी पढ़ें:- डोंगरगांव की बड़ी सौगात, नगर पंचायत से बना नगर पालिका

जारी आदेश के साथ ही निकाय चुनाव के बाद से चल रही नियुक्तियों की अटकलों और प्रतीक्षा पर विराम लग गया है। सरकार का मानना है कि इन मनोनीत पार्षदों के जुड़ने से स्थानीय निकायों के कामकाज में अनुभव, सुझाव और जनभागीदारी को बढ़ावा मिलेगा। एल्डरमैन नियुक्तियों का मुद्दा पिछले कई महीनों से चर्चा में था। निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद से ही  नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में मनोनीत पार्षदों की नियुक्ति को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर मंथन चल रहा था।

रायपुर संभाग के कई निकायों को मिला प्रतिनिधित्व

जारी सूची के मुताबिक रायपुर नगर निगम के अलावा रायपुर संभाग के कई अन्य शहरी निकायों में भी एल्डरमैन नियुक्त किए गए हैं। इनमें प्रमुख रूप से माना कैंप, तिल्दा-नेवरा, गोबरा नवापारा, आरंग, मंदिर हसौद, अभनपुर, खरोरा, कुनरा, समोदा और चंदखुरी जैसे निकाय शामिल हैं। इसके अतिरिक्त गरियाबंद, महासमुंद, धमतरी और बलौदाबाजार-भाटापारा जिलों के कई नगर निकायों में भी मनोनयन किया गया है।

सरगुजा संभाग में भी जारी हुई सूची

सरगुजा संभाग के अंतर्गत आने वाले कई शहरी निकायों में भी एल्डरमैन नियुक्त किए गए हैं। इनमें अंबिकापुर नगर निगम के साथ-साथ बलरामपुर, सूरजपुर, कोरिया, जशपुर और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के कई नगर निकाय शामिल हैं। सरकार का कहना है कि अनुभवी और सामाजिक रूप से सक्रिय व्यक्तियों को निकायों में शामिल करने से विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में सहयोग मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर जनसरोकारों को बेहतर तरीके से उठाया जा सकेगा।

क्या होती है एल्डरमैन व्यवस्था ?

नगर निगम अधिनियम और नगर पालिका अधिनियम के तहत राज्य सरकार को कुछ सदस्यों को एल्डरमैन यानी मनोनीत पार्षद के रूप में नियुक्त करने का अधिकार होता है। ये सदस्य निर्वाचित पार्षद नहीं होते, लेकिन निकाय की बैठकों और अलग-अलग विषयों पर अपने सुझाव देकर प्रशासनिक कार्यों में सहयोग करते हैं। इनके माध्यम से समाज के अनुभवी, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता और कई क्षेत्रों के विशेषज्ञों को स्थानीय शासन व्यवस्था से जोड़ा जाता है। (Aldermen Appointed in Chhattisgarh)

निकायों में बढ़ेगी सक्रियता

विशेषज्ञों का मानना है कि एल्डरमैन की नियुक्ति से स्थानीय निकायों की समितियों और बैठकों में विविध अनुभव का लाभ मिलेगा। वहीं राजनीतिक नजर से भी इन नियुक्तियों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि मनोनीत पार्षद स्थानीय निकायों की नीतियों और विकास संबंधी चर्चाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राज्य सरकार की ओर से सूची जारी किए जाने के बाद अब संबंधित नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में मनोनीत पार्षदों की औपचारिक भूमिका शुरू हो जाएगी और वे निकायों के कार्यों में सहभागिता निभाएंगे। (Aldermen Appointed in Chhattisgarh)

देखें पूरी लिस्ट 

Back to top button
error: Content is protected !!