Google Analytics —— Meta Pixel

ऑपरेशन सिंदूर को लेकर मचा बवाल, कांग्रेस ने विदेश मंत्री पर मुखबिरी का लगाया आरोप

Allegations Against Foreign Minister: कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने नई दिल्ली के AICC मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा को सिंदूर का सौदागर बताया है। खेड़ा ने कहा कि युद्ध सिर्फ सीमाओं पर ही नहीं लड़े जाते, बल्कि राजनीति के रणनीतिकारों द्वारा भी लड़े जाते हैं। सेनाएं बहादुरी से सीमाओं पर अपना काम करती हैं तो युद्ध में बहुत अहम भूमिका उन रणनीतिकारों की भी होती है, जो राजधानी में बैठे होते हैं। इन तमाम लोगों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होती है, जो सेना के पराक्रम को या तो बूस्ट कर सकती है या सेना के पराक्रम को नुकसान पहुंचा सकती है। 

यह भी पढ़ें:- कांग्रेस ने विदेश मंत्री जयशंकर से की इस्तीफे की मांग, राहुल गांधी ने कहा- हमारे हमले की शुरुआत में पाकिस्तान को सूचित करना एक अपराध 

उन्होंने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी ने विदेश मंत्री के बयान पर कुछ सवाल पूछे हैं। यह बहुत महत्वपूर्ण इसलिए हो जाता है, क्योंकि पिछले एक हफ्ते में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अलग-अलग देशों में एक बात दोहराते रहे कि उन्होंने युद्ध रुकवाने में मध्यस्थता की। ट्रंप ने एक बहुत खौफनाक बात यह भी बोली कि उन्होंने भारत को व्यापार रोकने की धमकी देकर युद्ध रुकवाया। यानी सिंदूर का सौदा होता रहा, प्रधानमंत्री चुप रहे। विदेश मंत्री के मुंह से एक शब्द नहीं निकल रहा। हमें नहीं मालूम कि अमेरिका और चीन के पास PM मोदी, विदेश मंत्री और BJP के नेताओं के ऐसे कौन से राज हैं, क्योंकि इनका कभी अमेरिका और चीन के आगे मुंह नहीं खुलता। (Allegations Against Foreign Minister)

मुंह क्लीन चिट देने के लिए खुलता है: खेड़ा  

खेड़ा ने कहा कि जब भी मुंह खुलता है तो सीधा क्लीन चिट देने के लिए खुलता है। आपके जो रहस्य उनके पास होंगे, हमें उनसे कोई मतलब नहीं, लेकिन उससे देश को नुकसान क्यों पहुंच रहा है ? पहलगाम हमले का न्याय क्यों नहीं मिल पाएगा, क्योंकि आप चीन और अमेरिका से डरते हैं। पूरे देश और दुनिया को मालूम है कि इस युद्ध में चीन की क्या भूमिका रही है और अमेरिका खुद इस युद्ध को रोकने में अपनी भूमिका आगे बढ़-चढ़कर बता रहा है, लेकिन विदेश मंत्री जयशंकर का मुंह नहीं खुलता। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने खुद मीडिया एजेंसियों को बताया कि हमने हमला करने से पहले पाकिस्तान को सूचित कर दिया था। (Allegations Against Foreign Minister)

पहले सूचित करने का क्या मतलब होता है ?: कांग्रेस

उन्होंने कहा कि अब ये सूचित करने का क्या मतलब होता है ? विदेश मंत्री को पाकिस्तान पर इतना भरोसा है कि उनके कहने पर आतंकी चुपचाप बैठेंगे ? विदेश मंत्री का क्या रिश्ता है और उन्होंने हमले से पहले पाकिस्तान को क्यों बताया ? दरअसल, इसे कूटनीति नहीं बल्कि मुखबिरी कहा जाता है। विदेश मंत्री ने जो बोला उसे सबने सुना- फिर भी इसपर लीपापोती की जा रही है। क्या इसी मुखबिरी की वजह से मसूद अज़हर ज़िंदा बच गया और हाफिज सईद जिंदा भाग गया ? क्या देश को जानने का हक़ नहीं है कि पाकिस्तान को हमले की सूचना देकर मसूद अज़हर को दोबारा बचाया गया, क्योंकि इससे पहले मसूद अज़हर को कंधार हाईजैक के समय छोड़ा गया था। (Allegations Against Foreign Minister)

विदेश मंत्री का यह बयान संवेदनशील: कांग्रेस

कांग्रेस नेता ने कहा कि विदेश मंत्री का यह बयान संवेदनशील है, क्योंकि इस बयान से तो यही लगता है कि आतंकी अपने ठिकानों से भाग गए होंगे। ऐसा क्यों किया गया, इस पर प्रधानमंत्री मोदी, विदेश मंत्री को जवाब देना होगा। भाजपा नेता स्मृति ईरानी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर हमारे देश की एक प्रतिज्ञा है। यह हमारी सेना का मात्र अभियान भर नहीं है, बल्कि आतंकवादियों को संदेश है। ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से देश की उन बहनों और माताओं को हम सब बहनें नमन करती हैं जिनके बेटे और सुहाग भारत की सीमाओं पर हमारा संरक्षण कर रहे हैं। वे सरहद पर हैं तभी हमारा सिंदूर सलामत है। हमारी सेना को शत-शत नमन। सेना के साथ-साथ प्रधानमंत्री, जिन्होंने यह संकल्प लिया कि ना वे देश को झुकने देंगे और ना ही देश को टूटने देंगे। जब तक एक-एक आतंकवादी का कैंप ढेर नहीं होता, ऑपरेशन सिंदूर जारी रहेगा। (Allegations Against Foreign Minister)

Back to top button
error: Content is protected !!