छत्तीसगढ़ कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान जारी, 29 जून तक जिलाध्यक्षों की ‘पाठशाला’, अमरजीत बोले- प्रशिक्षण से बीजेपी का बढ़ेगा BP

Amarjeet Bhagat on BJP: छत्तीसगढ़ कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान इन दिनों पूरे जोर-शोर से चल रहा है। प्रदेश कांग्रेस की ओर से 20 जून से शुरू किया गया जिलाध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर 29 जून तक चलेगा। राजधानी रायपुर से लगे अभनपुर स्थित एक निजी रिसॉर्ट में आयोजित इस आवासीय प्रशिक्षण शिविर में प्रदेशभर के नव-नियुक्त जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों को संगठन की कार्यशैली, जनसंपर्क, बूथ प्रबंधन, चुनावी रणनीति और कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े अलग-अलग विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण शिविर को कांग्रेस संगठन के पुनर्गठन और आगामी चुनावी तैयारियों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। शिविर के दौरान राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के कई वरिष्ठ नेता अलग-अलग सत्रों में जिलाध्यक्षों को मार्गदर्शन दे चुके हैं।
यह भी पढ़ें:- मुख्यमंत्री साय के सख्त तेवर से खनिज माफियाओं पर शिकंजा
अब तक प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत समेत संगठन के कई राष्ट्रीय पदाधिकारी और प्रशिक्षक शामिल होकर संगठन को मजबूत बनाने का संदेश दे चुके हैं। प्रशिक्षण के दौरान बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, जनता के बीच लगातार मौजूद रहने और कांग्रेस की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी बीच प्रशिक्षण शिविर को लेकर पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के इस प्रशिक्षण शिविर से भारतीय जनता पार्टी की बेचैनी बढ़ गई है। (Amarjeet Bhagat on BJP)

भगत ने कहा कि कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर से बीजेपी का BP बढ़ जाएगा। बीजेपी कांग्रेस की विचारधारा से घबराई हुई है। डॉक्टरों से बीजेपी नेताओं का ब्लड प्रेशर चेक कराना चाहिए। कांग्रेस मजबूत हो रही है, इसलिए BJP बेचैन है। सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने जमीनी लड़ाई तेज कर दी है। प्रशिक्षण के बाद जिलाध्यक्षों का नया क्लेवर दिखेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में सरकार के खिलाफ जमीनी स्तर पर आंदोलन तेज किए जा रहे हैं और संगठन को पहले से ज्यादा मजबूत बनाया जा रहा है। उनका दावा है कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद कांग्रेस के जिलाध्यक्ष नए तेवर और नए कलेवर के साथ मैदान में नजर आएंगे। प्रदेश कांग्रेस का कहना है कि इस प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य सिर्फ संगठनात्मक जानकारी देना नहीं, बल्कि जिला अध्यक्षों को नेतृत्व क्षमता, जनसंपर्क कौशल और चुनावी प्रबंधन में दक्ष बनाना भी है। शिविर में प्रतिदिन अलग-अलग विषयों पर सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें संगठन निर्माण, संविधान, मीडिया प्रबंधन, सोशल मीडिया, जनआंदोलन, गांव प्रवास और बूथ स्तर तक संगठन विस्तार जैसे विषय शामिल हैं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों के साथ-साथ भविष्य की चुनावी तैयारियों को देखते हुए कांग्रेस इस प्रशिक्षण शिविर के जरिए संगठन को नए सिरे से सक्रिय करने की कोशिश कर रही है। बता दें कि 21 जून को राहुल गांधी करीब चार घंटे शिविर में रहे। उन्होंने जिला अध्यक्षों से सीधे संवाद किया और कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना होगा। जनता के बीच लगातार सक्रिय रहना होगा। उन्होंने वरिष्ठ नेताओं के साथ अलग बैठक भी की। शिविर परिसर में वृक्षारोपण किया और प्रदर्शनी देखी। प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। जिला स्तर पर मजबूत संगठन ही भविष्य की सफलता की कुंजी होगा। 20 जून से 29 जून तक चलने वाला यह प्रशिक्षण शिविर कांग्रेस के लिए सिर्फ संगठनात्मक अभ्यास नहीं, बल्कि भविष्य की चुनावी रणनीति की प्रयोगशाला भी माना जा रहा है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि प्रशिक्षण के बाद जिलाध्यक्षों का नया क्लेवर प्रदेश की राजनीति में कितना असर छोड़ता है। (Amarjeet Bhagat on BJP)




