50 लाख की कथित हेराफेरी पर भड़के मंत्री राजेश अग्रवाल, थाना प्रभारी को फोन कर बोले- व्यापारियों ने मुझे बंधक बना लिया है, पुलिस भेजिए
अंबिकापुर की अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी में 50 लाख से अधिक के सामान की कथित हेराफेरी का मामला। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने थाना प्रभारी को फोन कर दो दिन में कार्रवाई का समय मांगा।

अंबिकापुर। अंबिकापुर में 50 लाख रुपये से अधिक के सामान की कथित हेराफेरी का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज व्यापारियों ने कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल के सामने अपनी शिकायत रखी। व्यापारियों की परेशानी सुनकर मंत्री भी नाराज हो गए और उन्होंने तत्काल कोतवाली थाना प्रभारी को फोन लगा दिया। बातचीत के दौरान मंत्री ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर पुलिस चोरों को नहीं पकड़ पा रही है तो उन्हें छुड़ाने के लिए पुलिस टीम भेज दीजिए। मंत्री और थाना प्रभारी के बीच हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
व्यापारियों की शिकायत पर मंत्री ने लगाई थाना प्रभारी को फटकार
वायरल वीडियो में कुछ व्यापारी मंत्री राजेश अग्रवाल को पूरे मामले की जानकारी देते हुए पुलिस की कार्रवाई में देरी की शिकायत करते नजर आ रहे हैं। व्यापारियों का आरोप है कि करीब एक महीने पहले शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। बातचीत के दौरान पुलिस को कथित तौर पर ‘खर्चा-पानी’ दिए जाने का आरोप भी लगाया गया, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
व्यापारियों की बात सुनने के बाद मंत्री ने सीधे कोतवाली थाना प्रभारी को फोन लगाया। उन्होंने कहा कि 40-50 व्यापारियों ने उन्हें घेरकर बैठा लिया है। अगर पुलिस चोरों को पकड़ने में सक्षम नहीं है तो उन्हें छुड़ाने के लिए पुलिस भेज दी जाए। मंत्री के कड़े तेवर के बाद थाना प्रभारी ने कार्रवाई के लिए दो दिन का समय मांगा। अब इस समयसीमा में पुलिस क्या कार्रवाई करती है, इस पर व्यापारियों की नजर है।
फर्जी सील और रसीद से लाखों का सामान निकालने का आरोप
दरअसल, पूरा मामला अंबिकापुर के खरसिया नाका स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी का है। कंपनी संचालक कान्हा अग्रवाल ने करीब एक महीने पहले कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कंपनी की बिलिंग ऑपरेटर अंजुम निशा और पूर्व कर्मचारी रविंद्र यादव उर्फ विक्की पर फर्जी सील और रसीद तैयार कर सामान की हेराफेरी करने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत के मुताबिक, अंजुम निशा करीब छह साल से कंपनी में काम कर रही थी। आरोप है कि पिछले चार महीनों से फर्जी नकदी रसीदें तैयार कर कंपनी से सामान निकलवाया जा रहा था। इसके बाद पिकअप समेत अन्य मालवाहक वाहनों के जरिए सामान गंगापुर स्थित एक दूसरे गोदाम तक पहुंचाया जाता था। वहां से सामान को आगे बेचकर खपाने का आरोप है।
कर्मचारी की सूचना पर हुआ खुलासा
कंपनी के एक कर्मचारी ने संचालक को फर्जी रसीदों के जरिए सामान निकाले जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद कंपनी के दस्तावेजों और स्टॉक का मिलान कराया गया। जांच में 50 लाख रुपये से अधिक के सामान की कथित हेराफेरी सामने आने का दावा किया गया।
कंपनी संचालक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। हालांकि, करीब एक महीने बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने से व्यापारियों में नाराजगी है। अब मंत्री के सीधे हस्तक्षेप और थाना प्रभारी द्वारा मांगे गए दो दिन के समय के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।



