Ambikapur Chit Fund Scam: तीन आरोपितों को कारावास व लाखों का जुर्माना, कंपनी पर भी लगा जुर्माना

Ambikapur Chit Fund Scam: अंबिकापुर जिले में चिटफंड कंपनी के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले तीन आरोपितों को विशेष न्यायाधीश (छत्तीसगढ़ निक्षेपकों के हितों का संरक्षण अधिनियम) केएल चरयाणी की अदालत ने सजा सुनाई है। अदालत ने दो अलग-अलग मामलों में आरोपितों को कठोर कारावास और भारी जुर्माने से दंडित किया है।
आरोपित सौमित्र दास (52), तरुण कुमार डे (48) — दोनों निवासी झारग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर — और चंदूलाल केशरवानी (47), निवासी डभरा, ने टीशा एग्रो प्रोजेक्ट इंडिया लिमिटेड नाम से अंबिकापुर में ऑफिस खोलकर निवेश के नाम पर धोखाधड़ी की थी।
कोर्ट ने तीनों आरोपितों को IPC की धारा 420, 34 के तहत तीन साल कठोर कारावास व ₹10,000 जुर्माना, इनामी चिट व धन परिचालन स्कीम (पाबंदी) अधिनियम के तहत दो साल कारावास व ₹3,000 जुर्माना, छत्तीसगढ़ निक्षेपकों के हितों का संरक्षण अधिनियम की धारा 10 के तहत पांच साल कारावास व ₹3 लाख जुर्माना सुनाया है। (Ambikapur Chit Fund Scam)
जुर्माना नहीं चुकाने पर उन्हें छह माह से एक साल तक अतिरिक्त जेल की सजा भुगतनी होगी। इसके साथ ही कंपनी टीशा एग्रो प्रोजेक्ट इंडिया लिमिटेड पर ₹5 लाख का जुर्माना लगाया गया है। प्रकरण में एक अन्य आरोपी तरुण मंडल घटना के दिन से फरार है। (Ambikapur Chit Fund Scam)
प्रकरण का विवरण :-
आरोपितों ने खरगोश पालन, साबुन व सिरप व्यवसाय के नाम पर अधिक रिटर्न का लालच देकर लोगों से बड़ी रकम ली थी। 2013 से 2015 के बीच लोगों से रकम लेकर वापसी नहीं की गई और कार्यालय बंद कर फरार हो गए थे। पीड़ितों पप्पू जायसवाल और रामकली सोनी की शिकायत पर पुलिस ने जांच कर केस दर्ज किया था। अदालत ने पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों को दोषी पाया। (Ambikapur Chit Fund Scam)



