छत्तीसगढ़ में नक्सलियों पर कड़ा प्रहार, PM मोदी ने कहा- नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध
PM Modi on Naxal: छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर पर जवानों ने 31 नक्सलियों को ढेर कर दिया है। इसे लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सुरक्षाबलों की सफलता दर्शाती है कि नक्सलवाद को जड़ से उखाड़ने के लिए हमारा अभियान सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। PM मोदी ने कहा कि हम नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति स्थापित करने और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। दरअसल, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की पोस्ट के जवाब में प्रधानमंत्री मोदी ने अपने एक्स पोस्ट में यह बात कही है। छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर सुरक्षाबलों की ओर से चलाए गए नक्सल विरोधी अभियान पर CRPF कमांडेंट आनंद ने बताया कि हमारे गृहमंत्री अमित शाह ने नक्सलवाद को खत्म करने के लिए मार्च 2026 की एक समय सीमा निर्धारित की है उसी को देखते हुए अब लगातार यहां पर अभियान चलाए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें:- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाक के हाथों में न्यूक्लियर पावर देने पर उठाए सवाल, कहा- क्या परमाणु हथियार सुरक्षित हैं ?
उन्होंने कहा कि कई कैंप खोले गए हैं और उसकी बदौलत जो इलाके नक्सलियों के लिए सेफ माने जाते थे उन्हें छोड़कर वे इस पहाड़ी में आए हैं। इस जगह को उनसे मुक्त कराने के लिए इस अभियान को अंजाम दिया गया। डिप्टी CM अरुण साव ने कर्रेगुट्टा नक्सल विरोधी अभियान को लेकर कहा कि सुरक्षाबलों ने बहुत ही कठिन ऑपरेशन चलाया। सूचना मिली थी कि वह स्थान नक्सलियों का शरणागत स्थल बना हुआ है। ऐसे इलाके में कठिन ऑपरेशन करते हुए सुरक्षाबलों ने इतने बड़े पैमाने पर हथियार, IED और राशन सामग्री को जब्त किया। साथ ही 31 नक्सली जिन पर लगभग 2 करोड़ का इनाम था, वह मारे गए। निश्चित रूप से यह बहुत कठिन ऑपरेशन था, जिसे बखूबी अंजाम दिया गया। (PM Modi on Naxal)
बस्तर के गांवों तक विकास की गंगा पहुंचनी चाहिए: शर्मा
ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट पर गृहमंत्री और डिप्टी CM विजय शर्मा ने कहा कि ये ऑपरेशन बहुत ही मुश्किल ऑपरेशन था और इसको हमारी छत्तीसगढ़ की पुलिस और केंद्रीय पुलिस ने मिलकर बहुत बड़ा ऑपरेशन किया है। बहुत बड़ी सफलता मिली है। आज जब प्रेस कॉन्फ्रेंस हुआ तो सबको समझ में आया कि ये जो ऑपरेशन हुआ ये कैसे हुआ। साथ ही आने वाले समय में भी छत्तीसगढ़ की सरकार प्रतिबद्ध है कि बस्तर के गांवों तक विकास की गंगा पहुंचनी चाहिए। गृह मंत्री अमित शाह ने बहुत साफ कहा है कि बस्तर के कोने-कोने तक भारत का संविधान लागू होना चाहिए, लोकतंत्र बहाल होना चाहिए और हम सब इसके लिए काम कर रहे हैं। (PM Modi on Naxal)



