रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाक के हाथों में न्यूक्लियर पावर देने पर उठाए सवाल, कहा- क्या परमाणु हथियार सुरक्षित हैं ?

Rajnath on Nuclear Weapons: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू-कश्मीर के बादामी बाग छावनी में जवानों से मुलाकात की और उनसे बातचीत की। इस दौरान उन्होंने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला समेत जवानों के साथ ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। इसके बाद रक्षा मंत्री ने जवानों को संबोधित भी किया। उन्होंने कहा कि इस विषम परिस्थिति में आप सबके बीच आकर मैं बहुत ही गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। हमारे प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान आपने जो कुछ किया, उसने पूरे देश को गर्व से भर दिया है। मैं अभी भले ही आपका रक्षा मंत्री हूं, लेकिन उससे पहले तो भारत का नागरिक हूं। रक्षा मंत्री के साथ-साथ, मैं आज भारत के नागरिक के रूप में भी आपका आभार प्रकट करता हूं।
यह भी पढ़ें:- Korba Hospital Fire: कोरबा के सरकारी अस्पताल में लगी भीषण आग, रिकॉर्ड व उपकरण खाक, मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मैं आपकी उस ऊर्जा को महसूस करने आया हूं, जिसने दुश्मनों को नेस्तनाबूद कर दिया। आपने जिस तरीके से सीमा के उस पार पाकिस्तान की चौकियों और बंकरों को धवस्त किया, दुश्मन उसे कभी भूल नहीं पाएगा। आमतौर पर लोग जोश में होश खो देते हैं, लेकिन आपने जोश भी रखा, होश भी रखा और सूझबूझ के साथ दुश्मन के ठिकानों को बर्बाद किया है। ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ भारत की ओर से चलाई गई अब तक के इतिहास की सबसे बड़ी कार्रवाई है। 35-40 सालों से भारत सरहद पार से चलाए जा रही आतंकवाद का सामना कर रहा है। आज भारत ने पूरी दुनिया के सामने स्पष्ट कर दिया है कि आतंकवाद के खिलाफ हम किसी भी हद तक जा सकते हैं। (Rajnath on Nuclear Weapons)

उन्होंने कहा कि पहलगाम में आतंकवादी घटना को अंजाम देकर भारत के माथे पर चोट पहुंचाने का काम किया गया। भारत की सामाजिक एकता को तोड़ने का प्रयास किया गया। उन्होंने भारत के माथे पर वार किया, हमने उनकी छाती पर घाव दिए हैं। पाकिस्तान के जख्मों का इलाज इसी बात में है कि वह भारत विरोधी और आतंकवादी संगठनों को पनाह देना बंद करे, अपनी जमीन का इस्तेमाल भारत के खिलाफ न होने दे। रक्षा मंत्री ने कहा कि रही बात पाकिस्तान की तो वह देश तो मांगते-मांगते अपनी जहालत से एक ऐसी हालत में आ गया है, कि उसके बारे में यह भी कहा जा सकता है कि पाकिस्तान जहां खड़ा होता है, वहीं से मांगने वालों की लाइन शुरू होती है। अभी आपने सुना ही होगा कि कैसे वह फिर एक बार, IMF के पास कर्ज मांगने गया। वहीं दूसरी तरफ हमारा देश है कि हम आज उन देशों की श्रेणी में आते हैं, जो IMF को फंड देते हैं, ताकि IMF गरीब देशों को कर्ज दे सकें। (Rajnath on Nuclear Weapons)

रक्षा मंत्री राजनाथ ने कहा कि पूरी दुनिया ने देखा है कि कैसे गैर जिम्मेदाराना तरीके से पाकिस्तान ने भारत को कई बार एटमी धमकियां दी है। आज श्रीनगर की धरती से मैं पूरी दुनिया के सामने यह सवाल उठाना चाहता हूं कि क्या ऐसे गैर जिम्मेदार और धूर्त राष्ट्र के हाथों में परमाणु हथियार सुरक्षित हैं? मैं मानता हूं कि पाकिस्तान के एटमी हथियारों को IAEA यानी (अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी) की निगरानी में लिया जाना चाहिए। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने श्रीनगर एयरबेस का भी दौरा किया और जवानों से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला मौजूद रहे। (Rajnath on Nuclear Weapons)



