अमेरिका को भारत पर शून्य प्रतिशत टैरिफ लगाना चाहिए और माफी मांगनी चाहिए: वरिष्ठ अमेरिकी विश्लेषक

American Analyst Edward Price: अमेरिका के वरिष्ठ स्वतंत्र विश्लेषक और न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी (NYU) के प्रोफेसर एडवर्ड प्राइस ने अमेरिका और भारत के बीच व्यापार विवाद को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका की ओर से भारत पर लगाया गया 50 प्रतिशत टैरिफ पूरी तरह से अतार्किक है। उन्होंने सलाह दी कि अमेरिका को भारत पर लगे इन टैरिफ को तुरंत खत्म करके शून्य प्रतिशत करना चाहिए और भारत से माफी मांगनी चाहिए। प्राइस के मुताबिक भारत और अमेरिका की साझेदारी 21वीं सदी की सबसे अहम रणनीतिक साझेदारी है, जो यह तय करेगी कि रूस और चीन जैसे देशों के साथ शक्ति संतुलन किस दिशा में जाएगा। एडवर्ड प्राइस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति को समझदारी भरा करार दिया। उन्होंने कहा कि PM मोदी अमेरिका को यह याद दिला रहे हैं कि भारत के पास विकल्प हैं, लेकिन उन्होंने पूरी तरह से रूस और चीन को अपनाया भी नहीं है।
यह भी पढ़ें:- भारत पर 50% टैरिफ को ट्रंप ने बताया ‘वार सेटलर’, कहा- सौदेबाजी के लिए अमेरिका का असली हथियार है टैरिफ
उन्होंने कहा कि मोदी बहुत स्मार्ट तरीके से अपने पत्ते खेल रहे हैं। वह अमेरिका को यह दिखा रहे हैं कि भारत के पास विकल्प मौजूद हैं, लेकिन यह भी साफ है कि मोदी न तो रूस और चीन की सैन्य परेड में शामिल हो रहे हैं और न ही उनकी शर्तों पर पूरी तरह झुक रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधते हुए प्राइस ने कहा कि उन्हें अर्थशास्त्र और कूटनीति की कोई समझ नहीं है। उन्होंने कहा कि पहले मुझे लगता था कि ट्रंप की आर्थिक समझ कमजोर है, लेकिन अब साफ है कि उन्हें अर्थशास्त्र की कोई समझ ही नहीं है। भारत जैसे विकासशील देश पर इतना ऊंचा टैरिफ लगाना न सिर्फ गलत है, बल्कि दोनों देशों के रिश्तों को कमजोर कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि युद्ध के बाद बने अंतरराष्ट्रीय व्यापार ढांचे के तहत विकासशील देशों को ऊंचे टैरिफ लगाने की छूट थी, लेकिन ट्रंप ने इस बुनियादी सिद्धांत को ही नजरअंदाज कर दिया है। (American Analyst Edward Price)
रूस-चीन-भारत के समीकरण
ट्रंप की नीतियों पर टिप्पणी करते हुए प्राइस ने कहा कि उनकी गलतियों ने भारत को रूस और चीन के करीब धकेला है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत, चीन और रूस का संबंध स्थायी गठजोड़ नहीं है, क्योंकि इन देशों के बीच ऐतिहासिक मतभेद हैं। उन्होंने कहा कि रूस अब चीन के प्रभाव क्षेत्र का हिस्सा बन चुका है, लेकिन भारत कभी भी चीन के अधीन नहीं होगा। भारत एक स्वतंत्र सोच वाला, संप्रभु राष्ट्र है जिसकी अपनी सभ्यता और अपनी नीति है। ट्रंप के करीबी सलाहकार पीटर नवारो ने रूस-यूक्रेन युद्ध को “मोदी का युद्ध” बताया था। इस पर प्राइस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और कहा कि यह मोदी का युद्ध नहीं है, यह पुतिन का युद्ध है। यह बेहद अजीब और गलत है कि अमेरिका का कोई अधिकारी ऐसा बयान देता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अमेरिका को इस समय भारत के साथ और गहरे रिश्ते बनाने चाहिए। (American Analyst Edward Price)
भारत के पास 21वीं सदी का निर्णायक वोट: प्राइस
एडवर्ड प्राइस ने कहा कि भारत की भूमिका आने वाले दशकों में बेहद अहम होगी। भारत के पास 21वीं सदी का निर्णायक वोट है। अगर भारत अमेरिका का साथ देता है तो इससे वैश्विक शक्ति संतुलन बदल जाएगा, लेकिन अगर भारत तटस्थ रहता है तो भी यह चीन और रूस के लिए एक बड़ा झटका होगा। उन्होंने अमेरिका से अपील की कि वह भारत पर लगे टैरिफ तुरंत शून्य कर दे और माफी मांगे। इससे स्पष्ट है कि अमेरिकी विशेषज्ञों में यह चिंता गहरी होती जा रही है कि ट्रंप की नीतियां न सिर्फ भारत-अमेरिका संबंधों को नुकसान पहुंचा रही हैं, बल्कि अमेरिका को वैश्विक रणनीतिक प्रतिस्पर्धा में कमजोर भी बना रही हैं। इससे वैश्विक शक्ति संतुलन पर भी गंभीर असर पड़ सकता है। भारत, अमेरिका और चीन-रूस के बीच खिंच रही कूटनीतिक रेखाएं आने वाले सालों में अंतरराष्ट्रीय राजनीति की दिशा तय करेंगी। (American Analyst Edward Price)



