भारतीय सेना ने पाकिस्तान के एयर डिफेंस सिस्टम को खोखला साबित कर दिया: गृहमंत्री अमित शाह

Amit Shah on BSF: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दिल्ली में सीमा सुरक्षा बल के अलंकरण समारोह में शामिल हुए, जिन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि 1965 से लेकर 2025 तक अपने कर्तव्य के पथ पर निडर होकर सर्वोच्च बलिदान की भावना के साथ चलते हुए 2,000 से ज्यादा जिन सीमा प्रहरियों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। मैं पूरे राष्ट्र की ओर से उन्हें प्रणाम करता हूं। देशभक्ति के आधार पर सभी कठिनाईयों को पार करके कैसे विश्व में सर्वश्रेष्ठ बल बना जा सकता है उसका उत्तम उदाहण BSF है। 1971 के युद्ध में BSF के जवानों ने जो वीरता दिखाई, उसे देश कभी नहीं भूलेगा। बांग्लादेश के सृजन में BSF ने एक बड़ी भूमिका निभाई।
यह भी पढ़ें:- आतंकवाद और नक्सलवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाती है हमारी सरकार: PM नरेंद्र मोदी
उन्होंने कहा कि अन्याय के खिलाफ BSF कितनी बहादुरी के साथ मोर्चा संभाल सकता है इसका उदाहरण 1971 की लड़ाई में BSF के वीर जवानों ने दिया। ऑपरेशन सिंदूर के जरिए BSF और सेना ने अप्रतिम शौर्य का उदाहरण पूरी दुनिया के सामने प्रस्तुत किया। प्रधानमंत्री मोदी की दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति, सेनाओं की अद्भुत मारक क्षमता और खुफिया एजेंसियों की सटीक जानकारी, जब ये तीनों मिलते हैं, तब ऑपरेशन सिंदूर बनता है। जब पाकिस्तान की सेना ने हमारे सैन्य और नागरिक संस्थानों पर हमला करने का प्रयास किया, तब भारतीय सेना ने उनके एयरबेस पर हमला कर एक प्रखर और कठोर जवाब देकर उनको हमारी मारक क्षमता का परिचय करवाया और उनके एयरडिफेंस सिस्टम को खोखला साबित कर दिया। (Amit Shah on BSF)

गृहमंत्री शाह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में हमने सिर्फ आतंकवादियों के अड्डों पर हमला किया था, लेकिन पाकिस्तान ने आतंकवादियों पर किए गए हमले को खुद पर हमला माना और हमारी सेना के संस्थानों और नागरिकों पर हमला करने का दुस्साहस किया। हमारी एयरडिफेंस सिस्टम बहुत मजबूत थी, वो कुछ बिगाड़ नहीं पाए। पाकिस्तानी सेना के अफसरों को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में मारे गए आतंकवादियों के नमाज़-ए-जनाजा में शामिल होने से पाकिस्तानी सेना और आतंकवादियों के बीच का गठबंधन आज पूरी दुनिया के सामने एक्सपोज हो गया है। ऑपरेशन सिंदूर अपनी भूमि पर हुए आतंकी हमलों के जवाब में सबसे सटीक और सभी उद्देश्यों को पूरा करने वाला है। न सिर्फ भारत बल्कि पूरी दुनिया हमारे जवानों की वीरता, मारक क्षमता और सेना के संयम की प्रशंसा हो रही है। (Amit Shah on BSF)

शाह ने कहा कि BSF के जवानों ने 1 इंच भी पीछे हटे बगैर पाकिस्तानी की गोली का जवाब गोले से देने का काम किया और यह बता दिया कि जब तक BSF बॉर्डर पर तैनात है पाकिस्तान की सेना एक इंच भी आगे नहीं बढ़ सकती। उन्होंने कहा कि जब यह निर्णय लिया गया कि एक सीमा पर एक बल सुरक्षा प्रदान करेगा तो BSF को 2 सबसे कठिन सीमाओं – बांग्लादेश और पाकिस्तान की रक्षा करने की जिम्मेदारी दी गई थी और आपकी क्षमताओं को देखते हुए, आपने इसे बहुत अच्छी तरह से सुरक्षित किया है। हमारा देश कई दशकों से पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद का सामना कर रहा है। पाकिस्तान ने कई बड़ी घटनाओं को सालों से अंजाम दिया, लेकिन उसे माकूल जवाब नहीं दिया गया। 2014 में नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने, भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार बनी और पहला बड़ा हमला उरी में हमारे सैनिकों पर हुआ, उन्हें जिंदा जलाने का साहस किया और हमने उरी के तुरंत बाद सर्जिकल स्ट्राइक करके पहली बार आतंकियों के ठिकानों में घुसकर उन्हें मुंहतोड़ जवाब देने का काम किया। (Amit Shah on BSF)




