भारतीय सेना का AN-32 विमान फिर बना हादसे का शिकार, पुराने बेड़े को बदलने की तैयारी में वायुसेना,जानिए विमान की खूबियां और दुर्घटनाओं का इतिहास

AN 32 Aircraft Crash: असम के जोरहाट एयरफोर्स स्टेशन पर हुए हादसे के बाद एक बार फिर भारतीय वायुसेना के AN-32 ट्रांसपोर्ट विमान चर्चा में आ गए हैं। यह विमान पिछले चार दशक से भारतीय वायुसेना की मालवाहक और सामरिक परिवहन क्षमता की रीढ़ माना जाता रहा है। हालांकि अब वायुसेना अपने पुराने AN-32 और IL-76 विमान बेड़े को बदलने की तैयारी कर रही है। सूत्रों के मुताबिक भारतीय वायुसेना आने वाले सालों में नए मीडियम ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट यानी MTA खरीदने की योजना पर काम कर रही है। इन विमानों का उपयोग सैनिकों, हथियारों और सैन्य उपकरणों की ढुलाई के लिए किया जाएगा। रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि लंबे समय से सेवा दे रहे AN-32 विमानों की उम्र बढ़ने के कारण इनके आधुनिकीकरण और प्रतिस्थापन की जरूरत महसूस की जा रही है।
यह भी पढ़ें:- असम के जोरहाट एयरबेस पर AN-32 विमान क्रैश, पायलट समेत वायुसेना के 5 जवान शहीद, को-पायलट घायल
AN-32 विमान की सबसे बड़ी खासियत इसकी दुर्गम और पहाड़ी इलाकों में संचालन क्षमता है। यह छोटा और कच्चा रनवे होने पर भी टेकऑफ और लैंडिंग कर सकता है। हिमालयी क्षेत्रों और उच्च तापमान वाले इलाकों में बेहतर प्रदर्शन के कारण भारतीय वायुसेना इसे अपना ‘वर्कहॉर्स’ यानी सबसे भरोसेमंद मालवाहक विमान मानती है। यह एक बार में करीब 6,700 किलोग्राम सामान या 40 से 50 सैनिकों को ले जाने में सक्षम है। विमान की अधिकतम गति लगभग 530 किलोमीटर प्रति घंटा है और इसकी परिचालन क्षमता राहत समेत बचाव अभियानों में भी काफी उपयोगी मानी जाती है। भारतीय वायुसेना ने 1980 के दशक में रूस से कुल 125 AN-32 विमान खरीदे थे। वर्तमान में करीब 100 विमान सक्रिय सेवा में हैं। हालांकि इन विमानों से जुड़े हादसों का इतिहास भी लंबा रहा है। साल 1986 में जम्मू-कश्मीर में हुए हादसे में 17 लोगों की मौत हुई थी। 1999 में दिल्ली के पास हुए क्रैश में 21 लोगों की जान गई थी। (AN 32 Aircraft Crash)

2009 में अरुणाचल प्रदेश और 2019 में असम में हुए हादसों में भी कई वायुसेना कर्मियों की मौत हुई थी। जुलाई 2016 में एक AN-32 विमान बंगाल की खाड़ी में लापता हो गया था, जिसमें सवार सभी 29 की जान गई थी। साल 2026 में भी भारतीय वायुसेना से जुड़े कई विमान हादसे सामने आए हैं। जनवरी में उत्तर प्रदेश में एक प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जबकि मार्च में असम के कार्बी आंगलोंग क्षेत्र में Su-30MKI लड़ाकू विमान के क्रैश होने से दो पायलटों की मौत हो गई थी। अप्रैल में पुणे एयरपोर्ट पर एक लड़ाकू विमान की हार्ड लैंडिंग भी हुई थी। जोरहाट हादसे ने एक बार फिर पुराने सैन्य विमानों की सुरक्षा और आधुनिकीकरण को लेकर बहस तेज कर दी है। हालांकि वायुसेना ने स्पष्ट किया है कि ताजा हादसे के कारणों का पता कोर्ट ऑफ इंक्वायरी की जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पूरा देश हादसे में शहीद हुए पांच वायुसेना जवानों को श्रद्धांजलि दे रहा है। (AN 32 Aircraft Crash)



