Google Analytics —— Meta Pixel

असम के जोरहाट एयरबेस पर AN-32 विमान क्रैश, पायलट समेत वायुसेना के 5 जवान शहीद, को-पायलट घायल

Air Force Aircraft Crashes: असम के जोरहाट स्थित एयरफोर्स स्टेशन पर शनिवार सुबह भारतीय वायुसेना का AN-32 ट्रांसपोर्ट विमान लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गया, जिसमें पांच जवानों की जान चली गई। जबकि को-पायलट गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज जारी है। हादसा सुबह करीब 10 बजे उस समय हुआ, जब विमान नियमित उड़ान के बाद एयरबेस पर उतरने की प्रक्रिया में था। दुर्घटना के बाद विमान में भीषण आग लग गई और वह दो हिस्सों में टूट गया। भारतीय वायुसेना ने हादसे में शहीद हुए जवानों की पहचान स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम के रूप में की है।

यह भी पढ़ें:- ढाई साल में स्वास्थ्य सेवाओं का हुआ बड़ा विस्तार, एनएचएम कर्मियों को मुख्यमंत्री की बड़ी सौगात

वायुसेना ने सभी जवानों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। जानकारी के मुताबिक अग्निवीर दानिश आलम बिहार के भोजपुर जिले के कुल्हाड़ियां गांव के रहने वाले थे और अक्टूबर 2025 में वायुसेना में भर्ती हुए थे। वे अपने परिवार के इकलौते बेटे थे और हाल ही में छुट्टी बिताकर 30 मई को ड्यूटी पर लौटे थे। वहीं अग्निवीर खेमाराम कुमावत राजस्थान के डीडवाना-कुचामन जिले के पांचोता गांव के रहने वाले थे। परिवार में उनकी शादी को लेकर बातचीत चल रही थी। सार्जेंट जितेंद्र शर्मा उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के रहने वाले थे और साल 2014 में भारतीय वायुसेना में भर्ती हुए थे। वे भी हाल ही में छुट्टी के बाद 5 जून को ड्यूटी पर लौटे थे। परिवार में उनकी शादी की तैयारी चल रही थी। (Air Force Aircraft Crashes)

हादसे के बाद एयरबेस परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर दमकल की कई गाड़ियां पहुंची और आग बुझाने का अभियान चलाया गया। भारतीय वायुसेना ने बताया कि विमान नियमित उड़ान पर था और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दे दिए गए हैं। वायुसेना ने लोगों से अपील की है कि शुरुआती जांच पूरी होने तक किसी तरह का अनुमान न लगाया जाए। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि विमान में तकनीकी समस्या आने की सूचना मिली है और विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हादसे में जान गंवाने वाले वायुसेना जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि देश उनके साहस, सेवा और बलिदान को हमेशा याद रखेगा। (Air Force Aircraft Crashes)

Back to top button
error: Content is protected !!