Google Analytics —— Meta Pixel

आनंद कुकरेजा धमकी मामले में शोएब ढेबर हिरासत में, थाने में पुलिस कर रही पूछताछ

रायपुर में कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर कथित धमकी देने के मामले में शोएब ढेबर को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस एजाज ढेबर धमकी मामले से भी कनेक्शन की जांच कर रही है।

Lawrence Bishnoi Gang : कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग (Lawrence Bishnoi Gang) के नाम पर कथित धमकी देने के मामले में रायपुर पुलिस की जांच तेज हो गई है। पुलिस ने शनिवार देर रात शोएब ढेबर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। तेलीबांधा थाना पुलिस उससे धमकी मामले को लेकर पूछताछ कर रही है। सेंट्रल जोन के एसीपी, थाना प्रभारी समेत पुलिस अधिकारियों की टीम उससे जानकारी जुटा रही है।

मेमन समाज के कार्यक्रम से थाने ले गई पुलिस

जानकारी के अनुसार, पुलिस शनिवार देर रात शोएब ढेबर को मेमन समाज के एक कार्यक्रम से अपने साथ लेकर तेलीबांधा थाने पहुंची। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने उससे मामले को लेकर पूछताछ शुरू की।

जांजगीर-चांपा से युवक की हो चुकी है गिरफ्तारी

इस मामले में पुलिस पहले ही जांजगीर-चांपा जिले के एक युवक को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर आनंद कुकरेजा को धमकी देकर ब्लैकमेल करने के उद्देश्य से कॉल किया था। जांच में कॉल करने के एवज में युवक को 5 हजार रुपये दिए जाने की जानकारी सामने आने की बात कही गई है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक से पूछताछ के दौरान शोएब ढेबर का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित धमकी की योजना में शोएब ढेबर की क्या भूमिका थी और उसके साथ अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

एजाज ढेबर को मिली धमकी से भी जोड़कर जांच

पुलिस इस मामले को पूर्व महापौर एजाज ढेबर को मिली कथित धमकी के मामले से भी जोड़कर देख रही है। आरोप है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग और अमन साव गैंग के नाम पर एजाज ढेबर से 50 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इस मामले में एजाज ढेबर ने कोतवाली थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।

अब पुलिस दोनों मामलों के बीच किसी तरह का आपसी संबंध है या नहीं, इसकी भी जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, शोएब ढेबर से पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने पूछताछ से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। (Lawrence Bishnoi Gang)

यह भी पढ़े :- सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल: ‘मन की बात’ में PM मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति पर की बात

Back to top button
error: Content is protected !!