BJP में शामिल हुए कांग्रेस नेता एंटनी के बेटे, पिता ने जताई नाराजगी

Anil Antony Joins BJP: दिल्ली में कांग्रेस नेता और पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटोनी के बेटे अनिल एंटोनी BJP में शामिल हुए। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने केरल भाजपा अध्यक्ष के. सुरेंद्रन की मौजूदगी में उन्हें पार्टी जॉइन कराई। जॉइनिंग के बाद अनिल एंटनी ने कहा कि मुझे एक खास परिवार के लिए नहीं, आम लोगों के लिए काम करना है। अगले 25 सालों में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के PM मोदी के लक्ष्य को पूरा करने का काम करना है। अनिल एंटोनी ने कहा कि एक भारतीय युवा होने के नाते मुझे ऐसा लगता है कि ये मेरी जिम्मेदारी और कर्तव्य है कि मैं प्रधानमंत्री के राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय एकता के दृष्टिकोण में अपना योगदान दूं। अनिल एंटोनी ने BJP में शामिल होने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष JP नड्डा से मुलाकात की।

यह भी पढ़ें:- हंगामे की भेंट चढ़ा संसद का बजट सत्र, राज्यसभा-लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल तक स्थगित

वहीं अपने बेटे के BJP में शामिल होने पर एके एंटनी ने कहा कि अनिल के भाजपा में शामिल होने के फैसले ने मुझे आहत किया है। ये बहुत ही गलत फैसला है। भारत का आधार एकता और धार्मिक सद्भाव है। 2014 के बाद जब से मोदी सरकार सत्ता में आई, वे व्यवस्थित रूप से विविधता और धर्मनिरपेक्षता को कमजोर कर रहे हैं। भाजपा सिर्फ एकरूपता में विश्वास रखती है, वे देश के संवैधानिक मूल्यों को नष्ट कर रहे हैं। मैं मरते दम तक कांग्रेस में रहूंगा। (Anil Antony Joins BJP)

बता दें कि अनिल एंटनी ने इसी साल जनवरी में कांग्रेस के पद और सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। वह केरल कांग्रेस के सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर थे। 2002 के गुजरात दंगों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर BBC की डॉक्यूमेंट्री पर अनिल एंटनी ने मोदी के सपोर्ट में ट्वीट किया था, जिसे डिलीट करने का दबाव बनने पर उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी थी। अनिल एंटनी ने ट्वीट किया था कि BJP के साथ तमाम मतभेदों के बावजूद BBC और ब्रिटेन के पूर्व विदेश मंत्री जैक स्ट्रॉ के विचारों को भारतीय संस्थानों के विचारों से अधिक महत्व देना खतरनाक चलन है और इससे देश की संप्रभुता प्रभावित होगी। (Anil Antony Joins BJP)

अनिल ने कहा था कि जैक स्ट्रॉ ने ही इराक युद्ध की योजना बनाई थी। BBC ब्रिटेन सरकार का प्रायोजित चैनल है। उसका भारत के प्रति पूर्वाग्रह का इतिहास रहा है। कांग्रेस नेताओं को अनिल एंटनी का ट्वीट पसंद नहीं आया था। उन्होंने फोन करके उनको ट्वीट डिलीट करने को कहा था, लेकिन वे नहीं माने। ज्यादा दबाव बनने पर उन्होंने पार्टी के पदों और सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। अनिल ने ट्वीट कर कहा था कि मुझ पर ट्वीट को डिलीट करने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। ऐसा वे लोग कर रहे थे जो फ्रीडम ऑफ स्पीच के लिए खड़े होने की बात करते हैं। (Anil Antony Joins BJP)

अनिल एंटनी ने कहा कि मैंने ट्वीट डिलीट करने से मना कर दिया। हालांकि उन पर बन रहे दबाव के दौरान शशि थरूर ने उनका समर्थन किया था। शशि थरूर ने कहा था कि मुझे लगता है कि वे अपने लिए बोल सकते हैं। मुझे खुशी है कि सरकार ने कह दिया है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता में हस्तक्षेप नहीं करेंगे। हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा और संप्रभुता ऐसी चीज नहीं है, जिसे इतनी आसानी से एक डॉक्यूमेंट्री के जरिए प्रभावित किया जा सके। हम एक मजबूत देश हैं। हालांकि चुनाव से पहले BJP में अन्य दलों के नेताओं के शामिल होने का सिलसिला लगातार जारी है। एक तरफ कांग्रेस में वरिष्ठ नेता इस्तीफा दे रहे हैं तो वहीं BJP में शामिल हो रहे हैं। (Anil Antony Joins BJP)

Related Articles

Back to top button