Google Analytics —— Meta Pixel

राम और शिवभक्तों में भेद करके उन्हें लड़ाना चाहती है कांग्रेस: PM नरेंद्र मोदी

PM Modi on Kharge: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के आणंद, सुरेंद्रनगर और जूनागढ़ में विशाल जनसभा को संबोधित किया। साथ ही कहा कि जब मैं गुजरात में था, आपकी सेवा में जुटा था, तब हमेशा आपके पास आकर मैं गुजरात में क्या कर रहा हूं, सरकार क्या काम कर रही है, कैसे कर रही है? उसका रिपोर्ट कार्ड हमेशा देता था। वो आदत अभी भी नहीं गई है। आज आपका ये बेटा, गुजरात की ये संतान आपके सामने अपने 10 साल का रिपेार्ट कार्ड देने के लिए गुजरात आया है। 10 साल पहले, हमारा देश लाखों-करोड़ों के घोटालों से शर्मसार था। कोई दिन ऐसा नहीं था, जब घोटाले की खबरें अखबार में हेडलाइन न हों।

यह भी पढ़ें:- प्रियंका गांधी ने कोरबा में भरी हुंकार, कहा – नेता आपको धर्म के नाम पर भड़काते हैं और वोट ले जाते हैं

उन्होंने कहा कि 2जी घोटाला, कोयला घोटाला, डिफेंस घोटाला, CAG घोटाला, हे​लीकॉप्टर में घोटाला, पनडुब्बी घोटाला, कॉमनवेल्थ घोटाला… कांग्रेस ने जल, थल, नभ तक हजारों-करोड़ों रुपये के घोटाले किए थे। 10 साल पहले, पूरी ​दुनिया, भारत को बोझ समझती थी, कहती थी- भारत खुद भी डुबेगा और हमें भी ले डुबेगा। कोई कहता था- ये तो कंगाल, कमजोर देश है। पड़ोसी आए दिन बम धमाके करते थे, निर्दोष लोगों को मौत के घाट उतारते थे। बड़ी-बड़ी कंपनियां भारत आने का नाम तक नहीं लेती थी।
आज दुनिया में भारत का डंका बज रहा है और ये सब आपके के एक वोट के कारण संभव हुआ है। (PM Modi on Kharge)

PM मोदी ने कहा कि आज भारत आने के लिए बड़ी-बड़ी कंपनियां में होड़ मची है। भारत आज आत्मनिर्भर बन रहा है। आतंकवादियों को भेजने वालों को पता है कि भारत आज घर में घुसकर मारता है। हिंदू समाज को बांटने के लिए खेल ​खेला गया है। वे लोग रामभक्तों और शिवभक्तों में भेद करके लड़ाना चाहते हैं। हजारों-हजार साल से चली आ रही हमारी परंपराएं… वो परंपराएं जिन्हें मुगल भी तोड़ नहीं पाए, अब कांग्रेस उन्हें तोड़ना चाहती है। तुष्टिकरण के लिए कांग्रेस और कितना नीचे गिरेगी? जब से मैंने एससी/एसटी/ओबीसी के खिलाफ कांग्रेस की सच्चाई को देश के सामने रखा है, कांग्रेस संतुलन खो चुकी है, कांग्रेस बौखला गई है, झूठ पर झूठ बोल रही है। (PM Modi on Kharge)

PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि इन्होंने (कांग्रेस) अपने घोषणा पत्र में लिखित में कहा है कि अब जो सरकारी टेंडर होंगे, उसमें भी मुसलमानों के लिए एक कोटा फिक्स कर दिया जाएगा। अब सरकारी ठेकों में भी धर्म के आधार पर आरक्षण लाया जाएगा। देश आजाद हुआ तब से अब तक, सरकारी टेंडर देने की एक प्रक्रिया होती है। जो सही बोली लगाता है, जो अच्छी क्वालिटी का ट्रैक रिकॉर्ड रखता है, जिसके पास काम करने की क्षमता है, एक्सपर्टाइज है, संसाधन हैं… सारे पैरामीटर को देखते हुए ठेका मिलता है। जाति और धर्म के आधार पर ठेका नहीं मिलता है।

PM मोदी ने जूनागढ़ में कहा कि कांग्रेस सोशल मीडिया पर फेक प्रोपेगेंडा चला रही है। मोदी का चेहरा लगाकर फर्जी वीडियो चला रही है। दुकानें मोहब्बत की खोलते हैं और फर्जी माल बेचते हैं। कांग्रेस ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का न्योता क्यों ठुकराया था, ये अब साफ तौर पर सामने आ गया है। कांग्रेस और उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा है कि उनका मकसद भगवान राम को हराना है। कांग्रेस, लोकतंत्र के लिए चुनाव नहीं लड़ रही है, कांग्रेस के लिए ये चुनाव भगवान श्री राम के खिलाफ लड़ाई का चुनाव है।
भगवान राम को हराकर ये किसे जिताना चाहते हैं? (PM Modi on Kharge) 

प्रधानमंत्री ने कहा कि ये चुनाव, सामान्य चुनाव नहीं है। ये चुनाव, देश के लिए तो महत्वपूर्ण है ही, भारत में स्थिर और मजबूत सरकार, दुनिया के लिए भी महत्वपूर्ण है। मेरे लिए ये चुनाव Ambition के लिए नहीं है, वो Ambition तो 2014 में जनता ने पूरी कर दी। 2024 का ये चुनाव मोदी के मिशन के लिए है और मेरा मिशन है- देश का उज्ज्वल भविष्य, देश को आगे ले जाना। मैं कांग्रेस के शाही परिवार को, कांग्रेस के शहजादे को खुली चेतावनी देता हूं। अगर उनका हिडेन एजेंडा है, तो हिम्मत के साथ वो देश के सामने आकर कहें कि वो धारा-370 को फिर से लागू करेंगे। मैं देखता हूं कि बाबा साहेब अंबेडकर का अपमान करने की उनमें कितनी ताकत है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अब शहजादे में हिम्मत है, तो खुलकर कर कहें कि मैं तीन तलाक Allow कर दूंगा। ये मोदी है, मुकाबला नहीं कर पाओगे। गुजरात को लेकर कांग्रेस के दिल में जो खीझ और नफरत है, कांग्रेस अगर सत्ता में आई, तो ये देश के लिए, गुजरात के लिए खतरनाक हालात पैदा कर सकते हैं। ये तो कह देंगे कि कच्छ की क्या जरूरत है, वहां तो कोई रहता नहीं है, दे दो। ये उसका भी सौदा कर देंगे। उनको कोई परवाह ही नहीं है। गुजरात के तटीय क्षेत्र में कई ऐसे द्वीप हैं, जहां कोई नहीं रहता। (PM Modi on Kharge) 

PM ने कहा कि कांग्रेस ऐसे द्वीपों का भी सौदा कर सकती है। कांग्रेस की चलती तो हिमालय की बर्फीली चोटियों का भी सौदा कर सकती थी, क्योंकि वहां कोई रहता नहीं है। सीमा पार से गोलीबारी होती थी, हमारे सैनिकों को कार्रवाई के लिए इंतजार करना पड़ता था। हमारे जवान शहीद होते थे, लेकिन कार्रवाई के लिए दिल्ली परमिशन नहीं देता था। कांग्रेस सरकार पहले पाकिस्तान परस्त गिरोह की ओर देखती थी, उनके इशारे पर देश के फैसले होते थे। वह इकोसिस्टम आज मौके की तलाश में है कि कांग्रेस आए और उनके जीवन में फिर से बहार आ जाए। (PM Modi on Kharge)

Back to top button
error: Content is protected !!