Google Analytics —— Meta Pixel

AI के दौर में इंटरनेट कितना सुरक्षित और मजबूत ? चर्चा के लिए मुंबई में जुटे 600 से ज्यादा विशेषज्ञ

APNIC Conference in Mumbai: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), साइबर सुरक्षा और डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। इसके साथ ही इंटरनेट के नेटवर्क और बुनियादी ढांचे पर भी दबाव बढ़ रहा है। ऐसे समय में इंटरनेट के भविष्य, उसकी सुरक्षा और क्षमता को लेकर दुनियाभर के विशेषज्ञ मुंबई में जुट रहे हैं। मुंबई में 4 से 10 सितंबर 2026 तक 62वें APNIC सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस सम्मेलन में 600 से ज्यादा इंटरनेट विशेषज्ञ, नेटवर्क ऑपरेटर, नीति निर्माता और तकनीकी क्षेत्र से जुड़े लोग हिस्सा ले रहे हैं। सम्मेलन का मुख्य फोकस सुरक्षित, मजबूत और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप इंटरनेट इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने पर है।

यह भी पढ़ें:- साइबर ठगी के खिलाफ AI बनेगा हथियार, केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने 1930 हेल्पलाइन को लेकर किया बड़ा ऐलान

सम्मेलन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी सेवाओं के बढ़ते इस्तेमाल, साइबर सुरक्षा, नेटवर्क संचालन, रूटिंग सुरक्षा और इंटरनेट की तकनीकी व्यवस्था से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। AI आधारित सेवाओं के बढ़ते इस्तेमाल से इंटरनेट नेटवर्क पर डेटा और ट्रैफिक का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में भविष्य में इंटरनेट को ज्यादा तेज, सुरक्षित और बड़े स्तर पर काम करने में सक्षम बनाने के लिए किस तरह की तकनीकी व्यवस्था की जरूरत होगी, इस पर विशेषज्ञ विचार साझा करेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य सिर्फ चुनौतियों पर चर्चा करना नहीं है, बल्कि अलग-अलग देशों और संस्थाओं के अनुभवों के आधार पर इंटरनेट को ज्यादा सुरक्षित और भरोसेमंद बनाने के लिए व्यावहारिक समाधान तलाशना भी है।

भारत के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर पर बात

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के संयुक्त सचिव सुशील पाल ने कहा कि भारत का डिजिटल इकोसिस्टम लगातार विस्तार कर रहा है। ऐसे में सुरक्षित, मजबूत और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप इंटरनेट इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि APNIC 62 भारत को एशिया-प्रशांत क्षेत्र के तकनीकी समुदाय के साथ जुड़ने, अनुभव साझा करने और एक खुले, समावेशी समेत भरोसेमंद इंटरनेट के लिए सहयोग बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर देता है। सम्मेलन में इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव एस. कृष्णन और महाराष्ट्र सरकार के मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल भी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। (APNIC Conference in Mumbai)

AI से नेटवर्क पर बढ़ रहा दबाव: APNIC

APNIC के महानिदेशक जिया रोंग लो ने कहा कि AI समेत तकनीक और समाज में हो रहे बड़े बदलाव उन नेटवर्क पर अभूतपूर्व दबाव डाल रहे हैं, जिन पर आज की अर्थव्यवस्था और समाज निर्भर है। उनके मुताबिक APNIC 62 के जरिए एशिया-प्रशांत क्षेत्र के इंटरनेट समुदाय को एक मंच पर लाया जा रहा है, ताकि विशेषज्ञों के साझा अनुभव को ज्यादा सुरक्षित, मजबूत और बड़े स्तर पर काम करने वाले इंटरनेट में बदला जा सके। उन्होंने इंटरनेट तकनीक के क्षेत्र में भारत के IPv6 अपनाने की दिशा में किए गए काम का भी उल्लेख किया। उनके मुताबिक भारत का अनुभव यह दिखाता है कि सही तकनीकी क्षमता, निवेश और सहयोग के जरिए बड़े बदलाव संभव हैं।

भारत के अनुभव साझा करने का मौका: NIXI के CEO

नेशनल इंटरनेट एक्सचेंज ऑफ इंडिया (NIXI) के CEO डॉ. देवेश त्यागी ने कहा कि भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था और इंटरनेट इंफ्रास्ट्रक्चर तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में मुंबई में APNIC 62 की मेजबानी करना NIXI के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन भारत के अनुभवों को दुनिया के सामने रखने, एशिया-प्रशांत क्षेत्र के विशेषज्ञों से सीखने और सुरक्षित, मजबूत तथा समावेशी इंटरनेट के लिए जरूरी सहयोग को बढ़ाने का अवसर है। इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ISPAI) के अध्यक्ष राजेश छारिया ने कहा कि देश में भरोसेमंद, सुरक्षित और तेज इंटरनेट कनेक्टिविटी की मांग तेजी से बढ़ रही है। इस मांग को पूरा करने में इंटरनेट सेवा प्रदाताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

रूटिंग सुरक्षा को लेकर होगा बड़ा समझौता

उन्होंने कहा कि APNIC 62 एशिया-प्रशांत क्षेत्र के इंटरनेट ऑपरेटरों के लिए अपने व्यावहारिक अनुभव साझा करने, तकनीकी सहयोग बढ़ाने और भविष्य की जरूरतों के हिसाब से नेटवर्क तैयार करने का महत्वपूर्ण मंच है। APNIC 62 के दौरान 8 सितंबर को NIXI और APNIC के बीच एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इस समझौते का फोकस इंटरनेट इंफ्रास्ट्रक्चर की दो महत्वपूर्ण तकनीकों IPv6 और रूटिंग सुरक्षा की तैनाती को बढ़ाना है। इसका उद्देश्य भारत के इंटरनेट इंफ्रास्ट्रक्चर को ज्यादा सुरक्षित और मजबूत बनाने के साथ ही उसके लंबे समय तक विकास की क्षमता को बढ़ाना है।

कौन आयोजित कर रहा है APNIC 62 ?

सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में तकनीकी क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ भी अपने विचार रखेंगे। लाइटस्टॉर्म ग्रुप के CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर अमाजित गुप्ता AI आधारित नेटवर्क संचालन पर मुख्य भाषण देंगे। वहीं JPCERT/CC की युकाको उचिडा साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में भरोसे और सहयोग की भूमिका पर अपनी बात रखेंगी। APNIC 62 का आयोजन APNIC (Asia Pacific Network Information Centre) की ओर से किया जा रहा है। भारत में इसकी मेजबानी नेशनल इंटरनेट एक्सचेंज ऑफ इंडिया (NIXI) और इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ISPAI) कर रहे हैं। इसके आयोजन में इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) और महाराष्ट्र सरकार का सहयोग है। सम्मेलन के दौरान तकनीकी वर्कशॉप, कॉन्फ्रेंस सेशन, नीतिगत बैठकें और इंटरनेट समुदाय से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। (APNIC Conference in Mumbai)

क्या है APNIC ?

APNIC यानी Asia Pacific Network Information Centre एशिया-प्रशांत क्षेत्र में इंटरनेट की तकनीकी व्यवस्था से जुड़ा एक प्रमुख गैर-लाभकारी संगठन है। सरल भाषा में समझें तो इंटरनेट पर जब हम कोई वेबसाइट खोलते हैं, वीडियो देखते हैं या AI आधारित कोई सेवा इस्तेमाल करते हैं, तो उसके पीछे कई तकनीकी संसाधन और नेटवर्क काम करते हैं। इन्हीं नेटवर्क को एक-दूसरे को पहचानने और आपस में जुड़ने के लिए इंटरनेट एड्रेस और नेटवर्क पहचानकर्ताओं की जरूरत होती है। APNIC एशिया-प्रशांत क्षेत्र की 56 अर्थव्यवस्थाओं में इन महत्वपूर्ण इंटरनेट संसाधनों के प्रबंधन में मदद करता है। इसके साथ ही APNIC बड़े वैश्विक इंटरनेट प्रदाताओं से लेकर छोटे सामुदायिक नेटवर्क तक हजारों संगठनों के साथ काम करता है, ताकि इंटरनेट सुरक्षित और भरोसेमंद तरीके से आगे बढ़ता रहे। APNIC की भूमिका राजनीतिक या नियामक नहीं, बल्कि मुख्य रूप से तकनीकी है। इसका उद्देश्य इंटरनेट को अलग-अलग देशों और नेटवर्क के बीच एक-दूसरे से जुड़ी हुई प्रणाली के रूप में सुचारू रूप से चलाने में मदद करना है।

क्यों महत्वपूर्ण है APNIC 62 ?

आज इंटरनेट सिर्फ वेबसाइट देखने या सोशल मीडिया इस्तेमाल करने तक सीमित नहीं है। बैंकिंग, ऑनलाइन शिक्षा, सरकारी सेवाएं, डिजिटल भुगतान, क्लाउड सेवाएं और AI जैसी तकनीकें भी इंटरनेट इंफ्रास्ट्रक्चर पर निर्भर हैं। ऐसे में इंटरनेट यूजर्स की संख्या और डिजिटल सेवाओं का विस्तार होने के साथ नेटवर्क को भी ज्यादा सुरक्षित, तेज और मजबूत बनाने की जरूरत है। APNIC 62 इसी चुनौती पर केंद्रित है। सम्मेलन में होने वाली चर्चाओं और तकनीकी सहयोग से भविष्य के इंटरनेट इंफ्रास्ट्रक्चर को तैयार करने में मदद मिलने की उम्मीद है। कुल मिलाकर मुंबई में हो रहा APNIC 62 सिर्फ एक तकनीकी सम्मेलन नहीं है, बल्कि AI के बढ़ते दौर में इंटरनेट को सुरक्षित, भरोसेमंद और भविष्य की जरूरतों के लिए तैयार करने की दिशा में वैश्विक स्तर पर सहयोग का महत्वपूर्ण मंच बन रहा है। (APNIC Conference in Mumbai)

Back to top button
error: Content is protected !!