Asian Games 2026: भारत ने जीता एक और मेडल, 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में सिल्वर
एशियन गेम्स 2026 में भारत की 10 मीटर एयर राइफल पुरुष टीम ने 1890.1 अंक हासिल कर सिल्वर मेडल जीता। वहीं, रुद्राक्ष पाटिल और हिमांशू ढिल्लों ने व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में भी अपनी जगह बना ली है।
Asian Games 2026 : आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 के तीसरे दिन भारत के निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश को एक और पदक दिलाया है। पुरुषों के 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में हिमांशू ढिल्लों, पार्थ माने और रुद्राक्ष पाटिल की भारतीय तिकड़ी ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
आइची प्रेफेक्चरल जनरल शूटिंग गैलरी में हुए मुकाबले में भारतीय टीम ने कुल 1890.1 अंक हासिल किए और दूसरे स्थान पर रही। चीन ने 1899.0 अंकों के साथ गोल्ड मेडल जीता। (Asian Games 2026)
चीन ने बनाया नया क्वालीफिकेशन वर्ल्ड रिकॉर्ड
चीन की टीम में सेंग लिहाओ, मा सिहान और झांग चांगहोंग शामिल थे। चीनी टीम ने 1899.0 अंकों के स्कोर के साथ नया क्वालीफिकेशन वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारतीय टीम गोल्ड से कुछ अंक पीछे रह गई।
रुद्राक्ष और हिमांशू व्यक्तिगत फाइनल में
टीम इवेंट में रजत पदक जीतने के अलावा भारत के दो निशानेबाजों ने 10 मीटर एयर राइफल के व्यक्तिगत फाइनल में भी जगह बनाई है।
क्वालीफिकेशन में रुद्राक्ष पाटिल ने 631.8 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं हिमांशू ढिल्लों 630.0 अंक के साथ सातवें स्थान पर रहे। दोनों ने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। टीम के तीसरे निशानेबाज पार्थ माने 628.3 अंकों के साथ 10वें स्थान पर रहे और फाइनल में जगह नहीं बना सके।
सेंग लिहाओ क्वालीफिकेशन में शीर्ष पर
चीन के सेंग लिहाओ ने 635.4 अंक के साथ नया एशियन गेम्स क्वालीफिकेशन रिकॉर्ड बनाया और पहले स्थान पर रहे। मा सिहान 633.0 अंकों के साथ दूसरे और झांग चांगहोंग 630.6 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रहे।
हालांकि झांग चांगहोंग शीर्ष आठ में रहने के बावजूद व्यक्तिगत फाइनल में जगह नहीं बना सके। एशियन गेम्स के नियमों के मुताबिक, किसी एक देश के अधिकतम दो निशानेबाज ही व्यक्तिगत फाइनल में हिस्सा ले सकते हैं।
भारत के लिए टीम इवेंट का यह रजत पदक निशानेबाजी में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब रुद्राक्ष पाटिल और हिमांशू ढिल्लों से व्यक्तिगत फाइनल में भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। (Asian Games 2026)
यह भी पढ़े :- CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम, भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट



