
ISKCON Temple In Navi Mumbai: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बुधवार को मुंबई दौरे पर हैं। अपने इस दौरे के दौरान उन्होंने नवी मुंबई में एक नए इस्कॉन मंदिर का उद्घाटन किया। यह मंदिर लगभग 9 एकड़ में फैला हुआ है, जिसमें से 2.5 एकड़ क्षेत्र में भव्य मंदिर बनाया गया है। यह एशिया का दूसरा सबसे बड़ा इस्कॉन मंदिर है। मंदिर के उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने कहा कि मुझे विश्वास है कि यह मंदिर परिसर आस्था के साथ-साथ भारत की चेतना को भी समृद्ध करने का एक पुण्य केंद्र बनेगा।
पीएम मोदी ने कहा, “मुझे विश्वास है कि ये मंदिर परिसर आस्था के साथ-साथ भारत की चेतना को भी समृद्ध करने का एक पुण्य केंद्र बनेगा। मैं इस पुनीत कार्य के लिए इस्कॉन के सभी संतों और सदस्यों को और महाराष्ट्र के लोगों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
इस दौरान अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, यदि भारत को समझना है तो हमे पहले अध्यात्म को आत्मसात करना होता है। जो लोग दुनिया को केवल भौतिक दृष्टि से देखते हैं, उन्हें भारत भी अलग-अलग भाषा और प्रांतों का समूह नजर आता है। लेकिन जब आप इस सांस्कृतिक चेतना से अपनी-अपनी आत्मा को जोड़ते हैं, तब आपको भारत के विराट रूप के दर्शन होते हैं।
सेवा का असली अर्थ
पीएम मोदी ने सेवा को भारतीय आध्यात्मिकता का मूल बताया। उन्होंने कहा कि हमारी आध्यात्मिक संस्कृति नि:स्वार्थ सेवा के सिद्धांत पर आधारित है। भगवान कृष्ण ने सेवा का असली अर्थ समझाया है- यह नि:स्वार्थ और व्यक्तिगत लाभ से परे होनी चाहिए।
पीएम मोदी ने इस्कॉन द्वारा कुम्भ मेले जैसे बड़े आयोजनों में किए गए सेवा कार्यों की सराहना की और इसे भारत के सामूहिक आध्यात्मिक मूल्यों का प्रतीक बताया।
उन्होंने आगे कहा, “हमारा भारत एक असाधारण और अद्भूत भूमि है। भारत केवल भौगोलिक सीमा में बंधा भूमि का एक टुकड़ा मात्र नहीं है, भारत एक जीवंत धरती है, एक जीवंत संस्कृति और परंपरा है और इस संस्कृति की चेतना है यहां का अध्यात्म। इसलिए यदि भारत को समझना है तो हमें पहले अध्यात्म को आत्मसात करना होता है…”
गौरतलब हो कि इस्कॉन मंदिर खारघर का उद्घाटन समारोह 9 जनवरी को शुरू हुआ जो आज पीएम मोदी द्वारा मंदिर के शुभारंभ के साथ समाप्त हुआ। इस दौरान विशेष धार्मिक कार्यक्रम और यज्ञ अनुष्ठान किए गए। (ISKCON Temple In Navi Mumbai)
पीएम मोदी ने आज मुख्य मंदिर का उद्घाटन करने के साथ ही सांस्कृतिक केंद्र और वैदिक संग्रहालय की आधारशिला भी रखी। इस्कॉन मंदिर भक्तों के लिए 16 जनवरी से दर्शन के लिए खुलेगा। (ISKCON Temple In Navi Mumbai)