पूर्व प्रधानमंत्री अटल की जयंती पर राष्ट्रपति मुर्मू और PM मोदी ने दी श्रद्धांजलि, कहा- अनगिनत लोगों के हैं प्रेरणा-स्रोत

Atal Bihari Vajpayee Jayanti: 25 दिसंबर यानी आज देश के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती है। इसलिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली स्थित सदैव अटल मेमोरियल पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला, पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा समेत कई नेताओं ने पूर्व PM को नमन किया।
यह भी पढ़ें:- अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती आज, PM नरेंद्र मोदी ने लिखा स्पेशल आर्टिकल, पढ़ें पूरी खबर
PM मोदी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने सशक्त, समृद्ध और स्वावलंबी भारत के निर्माण के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका विजन और मिशन विकसित भारत के संकल्प में निरंतर शक्ति का संचार करता रहेगा। आदरणीय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण के साथ जिस प्रकार देश को एक नई दिशा और गति दी, उसका प्रभाव हमेशा अटल रहेगा। यह मेरा सौभाग्य रहा है कि मुझे उनका भरपूर सान्निध्य और आशीर्वाद मिला। हमारे राष्ट्र के लिए उनके महान योगदान और प्रयासों ने कई लोगों के जीवन को बदल दिया।

अनगिनत लोगों के प्रेरणा-स्रोत हैं: PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी एक महान राजनेता थे, जो आज भी अनगिनत लोगों के प्रेरणा-स्रोत हैं। भारत को 21वीं सदी में ले जाने के लिए राष्ट्र, अटलजी का सदैव आभारी रहेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि साधारण परिवार से होने के बावजूद वाजपेयी ने आम आदमी के संघर्ष और शासन में बदलाव की उसकी शक्ति को महसूस किया। अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने पहली बार तकनीक को आम लोगों तक पहुंचाने का गंभीर प्रयास किया। उन्होंने स्वर्ण चतुर्भुज परियोजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना को भी लागू किया और दिल्ली मेट्रो के लिए व्यापक कार्य किए।
आपातकाल विरोधी आंदोलन के भी स्तंभ थे: PM मोदी
PM मोदी ने कहा कि कहा कि देश में आर्थिक विकास को बढ़ावा देने और दूर-दराज के क्षेत्रों को मुख्यधारा में शामिल करने का श्रेय वाजपेयी जी को है। उन्होंने कहा कि वाजपेयी जी के कार्यकाल में ही 1998 में भारत ने ऑपरेशन शक्ति के तहत पोखरण परीक्षण किया जिससे भारतीय वैज्ञानिकों की क्षमता उजागर हुई। प्रधानमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों के बावजूद, वाजपेयी सरकार अडिग रही थी। वे आपातकाल विरोधी आंदोलन के भी स्तंभ थे। भारत के विदेश मंत्री के रूप में, वाजपेयी संयुक्त राष्ट्र में हिंदी में बोलने वाले पहले भारतीय नेता बने। इससे पता चलता है कि भारत की विरासत और पहचान पर उन्हें अपार गर्व था।प्रधानमंत्री ने लोगों से उनके आदर्शों को साकार करने और भारत के प्रति उनके दृष्टिकोण को पूरा करने के लिए समर्पित होने की अपील की।
आजीवन राष्ट्र की उन्नति के लिए समर्पित रहे: ओम
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्म शताब्दी वर्ष पर भावपूर्ण नमन। एक सुधी राजनीतिज्ञ, ओजस्वी कवि, रचनाकार, मृदुल संरक्षक और प्रेरणादायी व्यक्तित्व के रूप में अटल जी सदा स्मृतियों में रहेंगे। 10 बार लोक सभा के लिए और 2 बार उच्च सदन के लिए निर्वाचित होकर श्रद्धेय अटल जी ने हमारी संसदीय परम्पराओं को समृद्ध बनाया। आजीवन राष्ट्र की उन्नति के लिए समर्पित रहे। सत्ता पक्ष हो या विपक्ष, उन्हें सभी के बीच सम्मान प्राप्त था। संसदीय परंपराओं के प्रति उनका दृष्टिकोण तथा सदन में शुचिता और मर्यादा सम्मत उनका व्यवहार सभी जनप्रतिनिधियों के लिए अनुकरणीय है। स्व. अटल जी की स्मृति में आज के दिन सम्पूर्ण देश में ‘सुशासन दिवस’ भी मनाया जाता है। सभी देशवासियों को इस अवसर की शुभकामनाएं। (Atal Bihari Vajpayee Jayanti)
केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने किया नमन
केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री, भाजपा के संस्थापक श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उन्हें सादर नमन करता हूं। अटल जी ने विचारधारा के प्रति समर्पण और मूल्य-आधारित राजनीति से देश में विकास और सुशासन के नए युग की शुरुआत की। सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को कार्य संस्कृति बनाने वाले वाजपेयी जी ने देश की सुरक्षा और जनकल्याण को सदैव सर्वोपरि रखा। राजनीतिक जीवन में शुचिता और आत्मसंयम से उन्होंने भाजपा को जनप्रिय बनाया। अटल जी ध्रुवतारे के समान अनंत काल तक देशवासियों को राष्ट्रसेवा के पथ पर दिशा दिखाते रहेंगे। (Atal Bihari Vajpayee Jayanti)
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी किया नमन
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अटल जी के प्रति सबके हृदय में श्रद्धा है। ‘सरकारें आएंगी जाएंगी हम रहेंगे नहीं रहेंगे लेकिन देश सदैव रहने वाला है’ ये मंत्र हमें अपने देश के प्रति समर्पित भाव से काम करने की प्रेरणा देता है। अटल जी के चरणों में शत-शत नमन। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि यह गर्व की बात है कि देश को अटल बिहारी वाजपेयी जैसा नेता मिला। हम उनके पदचिन्हों पर चलेंगे। बता दें कि अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म मध्यप्रदेश के ग्वालियर में 25 दिसंबर 1924 को हुआ था। अटल बिहारी वाजपेयी सबसे पहले 1996 में 13 दिन के लिए प्रधानमंत्री बने थे और उसके बाद 1998 में उन्होंने केंद्र में 13 महीनों की सरकार चलाई थी। 13 अक्टूबर 1999 को उन्होंने तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली और कार्यकाल पूरा करने वाले देश के पहले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री बने। (Atal Bihari Vajpayee Jayanti)
1957 में मिली थी राजनीतिक करियर की पहली सफलता
वहीं 16 अगस्त 2018 में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। बता दें कि जवाहर लाल नेहरू के बाद अटलजी पहले नेता थे, जिन्होंने लगातार तीन बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। अटलजी 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान राजनीति में आए। 1951 में भारतीय जनसंघ के गठन में भी उनकी अहम भूमिका रही। उन्होंने 1952 के पहले लोकसभा चुनाव में लखनऊ सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन वे चुनाव हार गए। अटलजी को अपने राजनीतिक करियर की पहली सफलता 1957 में मिली। इस साल वे लखनऊ, मथुरा और बलरामपुर से लोकसभा चुनाव में उतरे। इन तीन में से दो सीट पर वे चुनाव हार गए, लेकिन बलरामपुर से उन्हें जीत मिली। इस तरह वाजपेयी का संसदीय सफर शुरू हुआ। (Atal Bihari Vajpayee Jayanti)
2015 में भारत रत्न से सम्मानित
इमरजेंसी के बाद जब मोरारजी देसाई की सरकार बनी तब वाजपेयी ने विदेश मंत्री का पद संभाला। विदेश मंत्री बनने के बाद वाजपेयी पहले ऐसे नेता थे, जिन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा को हिंदी में संबोधित किया। अटल जी के कार्यकाल में कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए, जिनका फायदा देश को आज भी मिल रहा है। उनकी सरकार के फैसले की वजह से कभी 17 रुपए प्रति मिनट कॉलिंग वाले मोबाइल से फ्री कॉलिंग तक का दौर आना संभव हो पाया। अटल सरकार में ही 15 सितंबर 2000 को भारत संचार निगम लिमिटेड यानी BSNL का गठन किया गया। अटल को 1992 में पद्म विभूषण और 2015 में भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। (Atal Bihari Vajpayee Jayanti)



