पत्नी-पंडितों की हत्या के बाद बच्चों को बनाया बंधक, एनकाउंटर में आरोपी ढेर; बेटे की भी मौत
आजमगढ़ में पत्नी और दो पंडितों की हत्या के बाद बच्चों को बंधक बनाने वाला आरोपी अरविंद सिंह पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। गोली लगने से उसके बेटे की भी मौत हुई।

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पत्नी और दो पंडितों की गोली मारकर हत्या करने के बाद अपने तीन बच्चों को बंधक बनाने वाले आरोपी अरविंद सिंह की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बच्चों को बंधक बनाने के दौरान अपने एक बेटे को भी गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल बच्चे और आरोपी दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, पुलिस ने दो अन्य बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पूजा के दौरान पत्नी से हुआ विवाद
मामला मंगलवार शाम करीब 6 बजे का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, अरविंद सिंह अपने घर पहुंचा था। उस समय उसकी पत्नी बबीता सिंह पूजा-पाठ कर रही थी। पूजा के लिए 60 वर्षीय महेंद्र पाठक और 50 वर्षीय अखिलेश मिश्रा भी घर पर मौजूद थे।
किसी बात को लेकर अरविंद का पत्नी से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर उसने अपनी लाइसेंसी बंदूक से पत्नी बबीता सिंह को गोली मार दी। इसके बाद उसने दोनों पंडितों पर भी फायरिंग कर दी। गोली लगने से तीनों की मौत हो गई।
हत्या के बाद तीन बच्चों को बनाया बंधक
वारदात के बाद आरोपी अपने तीन बच्चों को लेकर एक कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। पुलिस ने उसे बाहर आने और बच्चों को छोड़ने के लिए काफी समझाया, लेकिन वह नहीं माना।
एडीजी वाराणसी जोन नवीन अरोड़ा के मुताबिक, पुलिस ने करीब सात घंटे तक आरोपी से बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया। रातभर पुलिस टीम मौके पर तैनात रही। इस दौरान बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने बेहद सतर्कता बरती।
अंदर से फायरिंग के बाद शुरू हुआ कमांडो ऑपरेशन
पुलिस के मुताबिक, रात में कमरे के अंदर से अचानक गोली चलने की आवाज आई। बच्चों की जान को तत्काल खतरा देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। स्टन ग्रेनेड और टीयर गैस का इस्तेमाल कर दरवाजा तोड़ा गया और पुलिस टीम अंदर दाखिल हुई।
आरोपी ने पुलिस टीम पर भी कई राउंड फायर किए। पुलिस के अनुसार, उसके पास छह राउंड वाली रिवॉल्वर थी और उसने सभी राउंड फायर कर दिए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
बेटे को लगी गोली, बेटी को ढाल बनाकर बैठा था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के बेटे को पहले ही गोली लग चुकी थी। वहीं, आरोपी अपनी बड़ी बेटी को सामने रखकर खुद को बचाने की कोशिश कर रहा था। दूसरी बेटी उसके हाथ से फिसलकर नीचे गिर गई।
बच्चों की जान बचाने के लिए पुलिस और कमांडो टीम ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल आरोपी और गोली लगने से घायल बच्चे को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
दो बच्चों को पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला
बच्चों को सुरक्षित निकालने के बाद पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर दिया। मौके पर फॉरेंसिक टीम और एसओजी की टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
SSP ने की मौत की पुष्टि
आजमगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि आरोपी ने अपनी पत्नी और दो अन्य लोगों की हत्या करने के बाद बच्चों को बंधक बनाया था। चेतावनी के बावजूद उसने एक बच्चे को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हुआ। अस्पताल में उपचार के दौरान आरोपी अरविंद सिंह और उसके बच्चे की मौत हो गई। दो अन्य बच्चों को सकुशल बचा लिया गया है।
यह भी पढ़े :- आपके नाम पर कोई और चला रहा सिम? तुरंत करें चेक, ऐसे बंद कराएं फर्जी नंबर



