धान खरीदी को लेकर पूर्व CM भूपेश बघेल का सरकार पर तंज, धान नहीं खरीदने के षड्यंत्र में सफल हो रही सरकार

Baghel on Paddy Procurement: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी को लेकर कांग्रेस लगातार सरकार को घेर रही है। इस बीच पूर्व CM भूपेश बघेल ने ट्वीट कर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने लिखा- ‘डबल इंजन’ का धान न खरीदने का षड्यंत्र- महासमुंद जिले में धान खरीदी 19 दिसंबर से बंद। मजगांव (नवागढ़) धान खरीदी बंद (खाद्य मंत्री का क्षेत्र), हसदा सेवा सहकारी समिति (बेमेतरा) में धान खरीदी बंद, लोलेसरा सेवा सहकारी समिति (बेमेतरा) में धान खरीदी बंद, कंतेली सेवा सहकारी समिति (बेमेतरा) में धान खरीदी बंद, आपके पास भी कोई जानकारी हो तो साझा करें।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में गर्भवती बाघिन का सफल रेस्क्यू, एक्सपर्ट डॉक्टरों की टीम ने किया ट्रैंकुलाइज
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार धान नहीं खरीदने के षड्यंत्र में सफल हो रही है। हम किसानों से ठगी नहीं होने देंगे। जरूरत पड़ी तो सड़क पर उतरेंगे। जानबूझकर धान का उठाव नहीं किया रहा है। ऐसे में नई खरीदी संभव नहीं दिख रही है। वहीं छत्तीसगढ़ विधानसभा में भी शीतकालीन सत्र के पहले दिन धान खरीदी को लेकर जमकर हंगामा हुआ। पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि सरकार ने धान खरीदी की व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। बारदाने की कमी है। टोकन देने में अव्यवस्था है। आखिर सरकार में चल किसकी रही है। सांसद के भतीजे के यहां छापा पड़ जाता है। सरकार आवाज उठाने वालों की आवाज दबा रही है। पूर्व CM बघेल ने कहा कि किसान परेशान है। (Baghel on Paddy Procurement)
प्रदेश में अव्यवस्था का आलम: पूर्व CM
बघेल ने कहा कि सरकार धान खरीदना नहीं चाहती है। प्रदेश में अव्यवस्था का आलम है। वहीं नेता प्रतिपक्ष डॉ चरणदास महंत ने प्रदेश में बारदाना खरीदी में अनियमितता और अमानक बारदाने का मामला ध्यानाकर्षण के जरिए उठाया। उन्होंने कहा कि निजी जूट मिलों को आर्थिक लाभ पहुंचाया जा रहा है। प्रदेशभर में नए बारदाने की जांच कराई जाए। इस पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि बारदाने की खरीदी नियमों के तहत की जाती है। अमानक बारदाने को जूट कमिश्नर को क्लेम किया जाता है। बारदाना भारत सरकार के निर्धारित गुणवत्ता के मापदंड के अनुरूप है। निजी जूट मिलों को फायदा नहीं पहुंचाया जा रहा है। (Baghel on Paddy Procurement)
महंत ने सरकार पर लगाया आरोप
खाद्य मंत्री ने कहा कि वास्तविक वजन से किसानों से धान खरीदा जा रहा है। इस पर महंत ने कहा कि बोरे का वजन 580 ग्राम होना चाहिए, लेकिन सरकार के खरीदे गए बोरे का वजन 480 ग्राम है। ऐसे में एक बोरा से 100 ग्राम ज्यादा धान किसानों से लिया जा रहा है। क्या विधायक दल की समिति बनाकर अमानक बारदाने की जांच कराएंगे? इस पर खाद्य मंत्री ने कहा कि जिला स्तर की टीम भेजकर जांच कराया गया है। कोई अमानक बारदाना नहीं पाया गया है बारदाना। समिति बनाकर जांच कराने की जरूरत नहीं है। इसे लेकर महंत ने कहा कि प्रदेश के हर किसान के बोरे से 100 ग्राम धान खाया जा रहा है, जिसे मंत्री संरक्षित कर रहे हैं। (Baghel on Paddy Procurement)



