Google Analytics —— Meta Pixel

Balodabazar Mystery Deaths: गांव में एक-एक कर हुईं 8 मौतें, खजाने के लिए बलि देने की चर्चा से सनसनी

भारी पुलिस मौजूदगी में महीनेभर पुराने शव को कब्र से निकाला, फॉरेंसिक जांच शुरू

Balodabazar Mystery Deaths: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के एक छोटे से गांव में हुई 8 रहस्यमयी मौतों (Balodabazar Mystery Deaths) ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव के एक व्यक्ति ने शराब में जहर मिलाकर कई लोगों की जान ले ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एक मृतक के शव को कब्र से बाहर निकलवाकर फॉरेंसिक जांच के लिए सैंपल भेजे हैं।

जानकारी के अनुसार Kasdol थाना क्षेत्र के खरवे गांव में पिछले कुछ महीनों के दौरान 8 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में एक-एक कर मौत हो गई। मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही रामसाय जायसवाल ने शराब पिलाने के बाद इन लोगों की हत्या की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन मामले की हर एंगल से जांच में जुट गया है।

मामले को लेकर गांव में यह चर्चा भी तेज है कि जमीन में गड़े खजाने (हंडा) को हासिल करने के लिए कथित तौर पर लोगों की बलि दी जा रही थी। हालांकि पुलिस ने फिलहाल इस दावे की पुष्टि नहीं की है और इसे जांच का विषय बताया है। (Balodabazar Mystery Deaths)

शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में 14 मई को मृत हुए मेहतरू साहू के शव को कब्र से बाहर निकालकर सैंपल लिए गए। इन सैंपलों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और लैब रिपोर्ट आने के बाद ही मौतों की असली वजह सामने आ सकेगी।

ग्रामीणों के मुताबिक बद्री पटेल, बुटालु साहू, छत्तूराम साहू, बुदलू जायसवाल, विनोद साहू, गजानन मांझी, चैतु साहू और मेहतरू साहू की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। लगातार एक जैसी परिस्थितियों में हुई इन मौतों के बाद ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

एसडीओपी कौशल किशोर वासनिक ने बताया कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौतों के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

यह भी पढ़े :- अबूझमाड़ के ग्राम मसपुर में नुक्कड़ नाटक के जरिए नशामुक्ति और शिक्षा का संदेश, महिलाओं को वितरित किए गए सेनेटरी नैपकिन

Back to top button
error: Content is protected !!