Google Analytics —— Meta Pixel

Balodabazar : शेयर मार्केट में डबल रकम लौटाने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

सरगना रामनारायण साहू निकला शासकीय शिक्षक, परिवार संग रचा धोखाधड़ी का जाल

Balodabazar News ;  कसडोल पुलिस ने करोड़ों की ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों द्वारा शेयर मार्केट में निवेश कर रकम दो गुना करने का झांसा देकर आम लोगों से ठगी की जा रही थी। इस पूरे ठगी नेटवर्क का मास्टरमाइंड शासकीय शिक्षक निकला, जो अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर ठगी का जाल फैला रहा था।

यह भी पढ़े :- Constitution Murder Day : लोकतंत्र को जीवित रखने एवं सशक्त करने के लिए जन-जागरूकता और सक्रिय भागीदारी अनिवार्य – मुख्यमंत्री साय

शेयर मार्केट में निवेश का लालच देकर की गई ठगी

जानकारी के अनुसार, कसडोल थाना क्षेत्र निवासी प्रार्थी गोपाल प्रसाद देवांगन ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी रामनारायण साहू से उसकी जान-पहचान रेलिंग लगाने के काम के दौरान हुई थी। आरोपी ने उसे शेयर मार्केट में रकम लगाने पर दो वर्षों में दोगुना पैसे लौटाने का झांसा दिया। इसी बहाने प्रार्थी गोपाल से कुल ₹19,43,000, उसके मित्र राजेश देवांगन और अनिल प्रजापति से भी ठगी की गई। इस तरह तीनों से कुल ₹40,82,000 की ठगी सामने आई है।

अब तक ₹1.22 करोड़ की ठगी का खुलासा, रायपुर में भी दर्ज है मामला

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रामनारायण साहू और उसके भाई हेमंत साहू ने कसडोल, लवन, गिधौरी, महासमुंद, रायगढ़ समेत कई इलाकों के लोगों को डबल रकम लौटाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये ऐंठे हैं। कसडोल थाना में दो मामलों में अब तक कुल ₹1,22,82,000 की धोखाधड़ी उजागर हुई है। साथ ही रायपुर जिले के मंदिर हसौद थाना में भी आरोपियों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज है।

फर्जी संस्थाओं और परिचय पत्र का इस्तेमाल

आरोपियों ने ठगी की रकम को कई फर्जी संस्थाओं में निवेश करने की भी बात कबूली है। मुख्य आरोपी रामनारायण साहू “एंटी करप्शन फाउंडेशन ऑफ इंडिया”, “दिल्ली जर्नलिज्म एंड इन्वेस्टिगेशन रिसर्च इंस्टीट्यूट”, “दिल्ली क्राइम भ्रष्टाचार विरोधी मोर्चा” जैसे संगठनों का परिचय पत्र दिखाकर लोगों को प्रभावित करता था।

ठगी का बड़ा नेटवर्क, कई अन्य आरोपी भी शामिल

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी एवं ठगी की गहराई से जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है। टीम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार, उप पुलिस अधीक्षक कैंप कसडोल, साइबर सेल, थाना प्रभारी समेत कुल 8 अधिकारियों-कर्मचारियों को शामिल किया गया है।

संपत्ति कुर्की और साइबर विश्लेषण जारी

आरोपियों के बैंक खातों, संपत्ति और लेन-देन की जानकारी खंगाली जा रही है। साइबर सेल द्वारा तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है ताकि अन्य पीड़ितों तक भी पुलिस पहुंच सके। (Balodabazar News)

आरोपियों के नाम

1. रामनारायण साहू, उम्र 48 वर्ष, निवासी ग्राम महकम, चौकी सोनाखान (शासकीय शिक्षक)
2. हेमंत साहू, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम महकम, चौकी सोनाखान (रामनारायण का भाई)

पुलिस की अपील

यदि किसी व्यक्ति के साथ भी आरोपियों द्वारा शेयर मार्केट या निवेश के नाम पर ठगी की गई है, तो वह तत्काल निकटतम थाना या साइबर सेल से संपर्क कर सूचना दें।

पूरे मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और ठगी की रकम बरामदगी हेतु पुलिस की कार्रवाई जारी है। (Balodabazar News)

Back to top button
error: Content is protected !!