Google Analytics —— Meta Pixel

बलरामपुर में 10 ग्रामीणों की मौत के बाद खुली लापरवाही की परतें, स्कूल प्रबंधन से लेकर पुलिस तक सवालों के घेरे में

Balrampur Bus Accident Update: बलरामपुर जिले से झारखंड सीमा से सटे ओर्सापाठ इलाके में हुए भीषण बस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। इस हादसे में अब तक 10 ग्रामीणों की मौत हो चुकी है, जबकि कई घायल जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। हादसे के बाद जहां सरकार ने मुआवजे की घोषणा की है। वहीं अब इस पूरे मामले में जिम्मेदार अधिकारियों और स्कूल प्रबंधन की गंभीर लापरवाही भी सामने आने लगी है। जानकारी के मुताबिक 18 जनवरी को कोतवाली थाना क्षेत्र के पिपरसोत गांव से एक ग्रामीण अपनी बेटी की सगाई के लिए गांव के लोगों को लेकर स्कूल बस से झारखंड जा रहा था। 

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के सभी मस्जिदों, इमामबाड़ों और वक्फ संपत्तियों पर 26 जनवरी को फहराया जाएगा तिरंगा, ध्वजारोहण के लिए मिलेगा आर्थिक सहयोग

बस जैसे ही महुआ डांड़ थाना क्षेत्र के ओर्सापाठ पहुंची, तभी ब्रेक फेल हुआ और बस अनियंत्रित होकर पलटी गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही कई ग्रामीणों की जान चली गई और पूरे गांव की खुशियां एक पल में मातम में बदल गई। बस में सवार प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस में 41 सीटों के बजाय 70 से 80 लोग सवार थे। ग्रामीणों ने ड्राइवर को कई बार गति कम करने की चेतावनी दी, लेकिन चालक ने बात नहीं मानी। अचानक ब्रेक फेल हो गया और बस अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। इस लापरवाही की कीमत 10 लोगों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।

एक ही गांव में एक दिन में 6 चिताएं

हादसे के बाद पिपरसोत गांव में ऐसा मंजर देखने को मिला, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दी। एक ही दिन में 6 शवों का अंतिम संस्कार हुआ। किसी ने पिता खोया, किसी ने मां तो किसी का भाई इस हादसे में चला गया। गांव में हर तरफ सन्नाटा और मातम पसरा हुआ है। इस पूरे मामले में सबसे बड़ी लापरवाही स्कूल संचालक की सामने आई है। स्कूली बच्चों के परिवहन के लिए पंजीकृत बस बिना परमिट झारखंड भेजी गई। बस का फिटनेस परीक्षण लंबित था। बावजूद इसके ओवरलोड सवारियां ढोई जा रही थी। परिवहन विभाग के मुताबिक 18 जनवरी को स्कूल प्रबंधन को बस के फिटनेस टेस्ट के लिए बुलाया गया था, लेकिन संचालक ने नियमों को ताक पर रख दिया। (Balrampur Bus Accident Update)

पुलिस की भूमिका पर भी सवाल

हादसे के बाद पुलिस की कार्यशैली भी सवालों के घेरे में है। ओवरलोड स्कूल बस गणेशपोड़ पुलिस चौकी, चांदो थाना और सामरी पाठ थाना के सामने से गुजरी, लेकिन कहीं भी बस को न रोका गया, न जांच की गई। अगर समय रहते कार्रवाई होती तो शायद 10 जिंदगियां बचाई जा सकती थी। हादसे के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है, लेकिन सवाल यही है कि लापरवाह अधिकारियों और दोषियों पर कार्रवाई कब होगी ? (Balrampur Bus Accident Update)

जांच के आदेश, IG स्तर पर टीम गठित

मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के IG ने जांच के लिए विशेष टीम गठित की है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर कार्रवाई की बात कही गई है। परिवहन विभाग की ओर से बस का परमिट निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस बीच कृषि मंत्री रामविचार नेताम अंबिकापुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने सड़क हादसे में घायल 14 लोगों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। अस्पताल प्रबंधन को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। अगर स्कूल प्रबंधन, पुलिस और परिवहन विभाग ने समय रहते अपनी जिम्मेदारी निभाई होती तो आज पिपरसोत गांव में शोक नहीं, खुशियां होती।

Back to top button
error: Content is protected !!