Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में कबाड़ माफिया की टूटी कमर, कोरबा में पुल चोरी का खुलासा, रायगढ़ में 17 गिरफ्तार

Action Against Scrap Mafia: कोरबा जिले में 10 टन वजनी लोहे के पुल की चोरी के मामले को पुलिस ने सुलझाते हुए कबाड़ माफिया के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। वहीं रायगढ़ जिले में भी अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी संयुक्त पुलिस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। दोनों जिलों में हुई इन कार्रवाइयों से कबाड़ माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। कोरबा जिले के CSEB चौकी क्षेत्र अंतर्गत रशियन हॉस्टल के पास बह रही नहर में बने करीब 10 टन वजनी लोहे के पुल की चोरी का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। यह पुल करीब 40 साल पहले तत्कालीन मध्यप्रदेश विद्युत मंडल की ओर से आम लोगों की आवाजाही के लिए बनाया गया था।

यह भी पढ़ें:- बलरामपुर में 10 ग्रामीणों की मौत के बाद खुली लापरवाही की परतें, स्कूल प्रबंधन से लेकर पुलिस तक सवालों के घेरे में

करीब 50 फीट लंबा, 4 फीट चौड़ा यह लोहे का पुल नहर के दोनों किनारों से गैस कटर मशीन से काटकर चोरी कर लिया गया था। इस चोरी को कबाड़ माफिया मुकेश साहू उर्फ बरबट्टी और उसके गिरोह के 14 सदस्यों ने अंजाम दिया था। पुलिस ने इस मामले में अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी मुकेश साहू उर्फ बरबट्टी समेत 10 आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर भारी मात्रा में सामान जब्त किया है, जिसमें करीब 05 टन कटी हुई लोहे की रेलिंग, एक टाटा एस वाहन (छोटा हाथी), एक बाइक, गैस कटर मशीन, ऑक्सीजन सिलेंडर, एलपीजी सिलेंडर, मोबाइल और 6 हजार कैश शामिल हैं।

पुल चोरी की घटना से क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया था। बस्तीवासियों के साथ क्षेत्रीय पार्षद ने CSEB चौकी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की, जिसमें कोरबा साइबर सेल और चौकी CSEB पुलिस को जांच में लगाया गया। तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना और सतत निगरानी के आधार पर पुलिस ने 15 आरोपियों की पहचान की, जिनमें से 5 को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने पुल चोरी की वारदात स्वीकार की। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। कोरबा एएसपी लखन पटले ने कहा कि फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। (Action Against Scrap Mafia)

रायगढ़ में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई

इधर, रायगढ़ जिले में भी अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अब तक की बड़ी कार्रवाई की है। साथ ही 6 करोड़ 18 लाख रुपए से ज्यादा मूल्य की अवैध संपत्ति जब्त की है। वहीं 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह बड़ी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा-निर्देश में की गई। 23 जनवरी को तड़के सुबह शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की अलग-अलग पुलिस टीमों ने योजनाबद्ध तरीके से 26 ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए वाहनों में हाइवा, ट्रक, टाटा 710, माजदा और पिकअप वाहन शामिल हैं। टीम ने मौके से कुल 26 वाहन जब्त किए हैं। (Action Against Scrap Mafia)

भारी मात्रा में अवैध कबाड़ बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 343 टन 331 किलो अवैध कबाड़ बरामद किया, जिसमें वाहनों के पार्ट्स, लोहे के पाइप, सरिया, एंगल, खाली सिलेंडर और अन्य धातु सामग्री शामिल हैं। पुलिस ने कोतवाली, पूंजीपथरा, पुसौर, चक्रधरनगर, भूपदेवपुर, कोतरारोड़, खरसिया, धरमजयगढ़ और तमनार थाना क्षेत्र में कार्रवाई की है। सभी आरोपियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें रिमांड पर भेजा गया है। रायगढ़ के एडिशनल एसपी अनिल सोनी ने बताया कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण और अवैध कबाड़ कारोबार पर रोक लगाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। कोरबा में पुल चोरी और रायगढ़ में करोड़ों के कबाड़ कारोबार के खुलासे ने यह साफ कर दिया है कि कबाड़ माफिया का नेटवर्क काफी संगठित और संगीन है, लेकिन पुलिस की सक्रियता और संयुक्त कार्रवाई से अपराधियों पर शिकंजा कसता जा रहा है। आने वाले दिनों में और बड़ी गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!