Balrampur culvert collapse: बलरामपुर के शंकरगढ़ में टूटी पुलिया, पिकअप वाहन का अगला हिस्सा धंसा; हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश

Balrampur culvert collapse : बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ क्षेत्र में तेज बारिश के चलते सोमवार की शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बचवार-पटना मार्ग पर स्थित एक पुरानी और जर्जर पुलिया अचानक तेज बहाव में धंस गई। उसी समय एक लोडेड पिकअप वाहन पुलिया पार कर रहा था, जो बीच में जाकर फंस गया। पुलिया का हिस्सा ढहते ही पिकअप का अगला हिस्सा नीचे की ओर झुक गया जबकि पिछला भाग पुल पर अटक गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पिकअप में सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन हादसा बड़ा हो सकता था। घटना के बाद पुलिया पर आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है। इससे ग्रामीणों को बलरामपुर पहुंचने के लिए लंबा चक्कर लगाकर राजपुर मार्ग से जाना पड़ रहा है।
यह मार्ग शंकरगढ़ को अंबिकापुर-रामानुजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। दर्जनों गांवों के लोगों की दैनिक जरूरतें, स्कूली बच्चों की आवाजाही और बाजार तक पहुंच इसी मार्ग से होती है। पुलिया के धंसने से जनजीवन पर व्यापक असर पड़ा है। (Balrampur culvert collapse)
ग्रामीणों ने बताया कि यह पुलिया कई साल पुरानी है और इसकी स्थिति लंबे समय से खराब थी। कई बार इसकी मरम्मत की मांग की गई थी, लेकिन विभाग की अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ। लगातार हो रही बारिश ने पुलिया की नींव को कमजोर कर दिया था, जो आखिरकार ढह गई। (Balrampur culvert collapse)
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर तुरंत अस्थायी वैकल्पिक व्यवस्था की जाए ताकि लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो। साथ ही उन्होंने पक्के और मजबूत पुल के निर्माण की भी मांग की है, जिससे भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके। (Balrampur culvert collapse)
यह भी पढ़ें :- Indian celebrities in school syllabus: दिलजीत दोसांझ पर अब पढ़ाई होगी, टोरंटो यूनिवर्सिटी ने शुरू किया खास कोर्स



