आज बलरामपुर और जशपुर दौरे पर रहेंगे CM साय, तातापनी महोत्सव का करेंगे शुभारंभ
Balrampur Tatapani Mahotsav 2025: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज यानी 14 जनवरी को बलरामपुर में तातापानी महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री साय बलरामपुर जिले में 172 करोड़ 83 लाख रुपए के 197 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इसमें 43 करोड़ 14 लाख 78 हजार रुपए के 58 विकास कार्यों का लोकार्पण और 129 करोड़ 68 लाख रुपए के 139 कार्यों का भूमिपूजन-शिलान्यास कार्य शामिल है। मुख्यमंत्री साय तातापानी महोत्सव के अवसर पर तपेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे।
यह भी पढ़ें:- Prayagraj Mahakumbh 2025 : त्रिवेणी संगम पर महाकुंभ का पहला अमृत स्नान आज, भक्तों ने लगाई आस्था की डुबकी
CM साय मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत कराए जा रहे विवाह कार्यक्रम में शामिल होकर नवदंपत्ति को आशीर्वाद देंगे और विभिन्न विभागों के लगाए गए विकास कार्यों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन करेंगे। साथ ही राज्य सरकार के विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित जिले के हितग्राहियों को सम्मानित करेंगे। बलरामपुर जिले के तातापानी में आयोजित इस तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक संध्या में छत्तीसगढ़ी, बॉलीवुड और भोजपुरी के कलाकारों की ओर से शानदार कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। महोत्सव के पहले दिन मुख्यमंत्री साय की मौजूदगी में 300 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। (Balrampur Tatapani Mahotsav 2025)
15 जनवरी को फैशन वॉक की प्रस्तुति
तातापानी महोत्सव के शुभारंभ कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि मंत्री रामविचार नेताम करेंगे। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, शकुंतला सिंह पोर्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष निशा नेताम, उपाध्यक्ष राधा देवी सिंह देव, जनपद अध्यक्ष विनय पैकरा और शारदा देवी सिंह विशिष्ठ अतिथि होंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत छत्तीसगढ़ी गायिका गरिमा दिवाकर और उनकी टीम गीतों की प्रस्तुति देगी। वहीं छात्र-छात्राएं सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देंगे। तातापानी महोत्सव के दूसरे दिन कृषि मंत्री रामविचार नेताम की उपस्थिति में किसान संगोष्ठी और पंच-सरपंच सम्मेलन का आयोजन होगा। सांस्कृतिक संध्या के अंतर्गत 15 जनवरी को बॉलीवुड के कम्पोजर, सिंगर मिथुन और स्थानीय छात्र-छात्राएं ट्राइबल फैशन वॉक की प्रस्तुति देंगे। (Balrampur Tatapani Mahotsav 2025)
16 जनवरी को महोत्सव का समापन
तातापानी महोत्सव का समापन 16 जनवरी को महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की मौजूदगी में संध्या 4 बजे होगा। इससे पहले सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत भोजपुरी अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह, स्कूली छात्र-छात्राओं और इंडियन रोलर म्यूजिक बैंड भिलाई द्वारा कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। गौरतलब है कि अपने गर्म जल स्त्रोत और धार्मिक महत्व के कारण देशभर में विख्यात तातापानी में मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर 14 से 16 जनवरी तक भव्य मेले का आयोजन किया जा रहा है। यहां छत्तीसगढ़ के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों के लोग बड़ी संख्या में शामिल होते हैं। मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान पुलिस लाइन बलरामपुर हेलीपैड, हाई स्कूल ग्राउंड और कार्यक्रम स्थल तातापानी के 500 मीटर की परीधि को चारों ओर नो ड्रोन फ्लाई जोन एरिया घोषित किया गया है। इस दौरान किसी भी प्रकार के ड्रोन का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। जिला और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। (Balrampur Tatapani Mahotsav 2025)
जशपुर जिले को विकास कार्यों की मिलेगी सौगात
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में 14 जनवरी को जशपुर जिले के पमशाला में अखिल भारतीय कंवर समाज के तीन दिवसीय वार्षिक सम्मेलन का शुभारंभ होगा। शुभारंभ कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. नंद कुमार साय करेंगे। मुख्यमंत्री साय इस अवसर पर जशपुर जिले को 87. करोड़ 31 लाख 98 हजार रुपए के विकास कार्यों की सौगात देंगे, जिसमें 85 करोड़ रुपए की लागत वाले 483 कार्यों का भूमिपूजन और 2.23 करोड़ की लागत से निर्मित 24 कार्यों का लोकार्पण शामिल हैं। कार्यक्रम में विधायक गोमती साय, लालजीत सिंह राठिया, फूल सिंह राठिया, पूर्व मंत्री सत्यानंद राठिया, पूर्व विधायक शिवशंकर साय, रोहित साय, एम.एस. पैकरा और अखिल भारतीय कंवर समाज के महिला प्रभाग की पूर्व अध्यक्ष कौशल्या देवी साय विशिष्ठ अतिथि होंगे। (Balrampur Tatapani Mahotsav 2025)



