साइबर ठगी के शिकार हुए SBI के बैंक मैनेजर, ठगों के फर्जी लेटरपैड से ट्रांसफर कर दिए 17 लाख 52 हजार
Bank Manager Duped Online: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साइबर ठगों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं, जो अब आम लोगों के साथ-साथ बैंक अधिकारियों को भी निशाने बना रहे हैं। ताजा मामला रामसागरपारा में स्थित स्टेट बैंक का है, जहां ठगों ने बैंक मैनेजर को व्हाट्सएप पर ग्राहक का फर्जी लेटर पैड भेजकर 17 लाख 52 हजार की राशि NEFT के जरिए ट्रांसफर करवा ली। असली मालिक के खाते से पैसे कटने का मैसेज आने पर ठगी का खुलासा हुआ। मालिक ने बैंक पहुंचकर हंगामा किया। वहीं बैंक मैनेजर ने अज्ञात ठगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। वहीं फर्म मालिक ने भी बैंक मैनेजर के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत की है। फिलहाल आजाद चौक पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें:- रायपुर के कांपा में 15 लाख की लूट निकली फर्जी, कारोबारी ही निकला मास्टरमाइंड
पुलिस के मुताबिक रामसागरपारा के स्टेट बैंक में झारखंड के गिरिडीह के रहने वाले आशुतोष कुमार मैनेजर हैं, जिनके पास 8 अगस्त को पूर्व ब्रांच मैनेजर कार्तिक राउत का फोन आया। उन्होंने कहा कि कृष्णा बिल्डर के डायरेक्टर सुनील तापड़िया पुराने और भरोसेमंद क्लाइंट हैं। बैंक में उनका लगातार ट्रांजेक्शन होते रहता है। उनका फोन आए तो मदद कर दीजिएगा। 11 अगस्त को आशुतोष के पास सुनील तापड़िया के नाम से फोन आया। कॉल करने वाले ने कहा कि वह रजिस्ट्री ऑफिस आ गया है, जिसकी वजह से वो बैंक नहीं आ पाएगा। इसलिए व्हाट्सएप पर कृष्णा बिल्डर के लेटरपैड में NEFT डिटेल भेज रहा है। उस आधार पर 17.52 लाख रुपए राजस्थान के सरफराज अंसारी के खाते में ट्रांसफर करने को कहा गया। (Bank Manager Duped Online)
इंटरनेट पर दिया हुआ था पुराने बैंक मैनेजर का नंबर
आशुतोष ने मोबाइल पर प्राप्त चिट्ठी देखकर ट्रांजेक्शन कर दिया। इसके सिर्फ 15 मिनट बाद असली सुनील तापड़िया का फोन आया, जिसके बाद ठगी का खुलासा हुआ। जांच में पता चला कि ठगों ने इंटरनेट पर उपलब्ध बैंक के पुराने मैनेजर कार्तिक राउत का नंबर लेकर उनसे संपर्क किया था। कार्तिक को ठगी का अंदेशा नहीं हुआ और उन्होंने नए मैनेजर को सुनील तापड़िया के बारे में बता दिया। इसी जानकारी का फायदा उठाकर ठगों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि इंटरनेट पर बैंक के पुराने मैनेजर कार्तिक का नंबर है, जिसे देखकर ठगों ने कार्तिक को फोन किया। कार्तिक ठगों को समझ नहीं पाया और कहा कि वह अब उस शाखा में नहीं है, लेकिन वह बोल देगा। कार्तिक ने नए मैनेजर को फोन कर दिया और सुनील के बारे में बताया तापड़िया। इसी का फायदा उठाकर ठगों ने आशुतोष को फोन किया और खाते से पैसा निकाल लिया। (Bank Manager Duped Online)



