चार बार जेल व कस्टडी से भागा ‘बस्तर का नटवरलाल’ नारायणपुर से गिरफ्तार
जगदलपुर central जेल की दीवार फांदकर हुआ था फरार, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
बस्तर / जगदलपुर : जेल और पुलिस प्रशासन के लिए पिछले कई महीनों से चुनौती बना शातिर आरोपी महेंद्र दीवान उर्फ ‘नटवरलाल’ आखिरकार बस्तर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। करीब तीन महीने पहले जगदलपुर केंद्रीय जेल की दीवार फांदकर फरार हुए इस आदतन अपराधी को कोतवाली पुलिस की टीम ने नारायणपुर में घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है।
सूचना मिलते ही बिछाया जाल
कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार विशेष टीम तैनात थी। पुलिस को सटीक सूचना मिली कि आरोपी नारायणपुर क्षेत्र में छिपा हुआ है। इस आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर उसके संदिग्ध ठिकाने को चारों तरफ से घेरा और उसे दबोच लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
तीन जिलों में चोरी के 7 मामले दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 25 वर्षीय महेंद्र दीवान (निवासी: चितालंका कलारपारा, जिला दंतेवाड़ा) के खिलाफ बस्तर, दंतेवाड़ा और कांकेर जिलों के विभिन्न थानों में चोरी के कुल 7 अपराध दर्ज हैं। हालांकि, उसकी मुख्य पहचान जेल और पुलिस कस्टडी से बार-बार भागने वाले आदतन आरोपी के रूप में बनी हुई है।
महिला बैरक की कम ऊंचाई वाली दीवार का उठाया था फायदा
गौरतलब है कि 25 मार्च की शाम महेंद्र दीवान जगदलपुर केंद्रीय जेल से भाग निकला था। जांच में सामने आया था कि वह पुरुष बैरक से निकलकर महिला बैरक के पास स्थित कम ऊंचाई वाली दीवार तक पहुंचा और उसे फांदकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए ओझल हो गया। जब तक जेल में बंद अन्य कैदियों ने शोर मचाया, आरोपी सीमा से बाहर हो चुका था।
आरोपी के पिछले रिकॉर्ड को देखते हुए उसे रायपुर केंद्रीय जेल की हाई सिक्योरिटी सेल में ट्रांसफर करने की तैयारी चल रही थी, लेकिन ट्रांसफर प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही वह फरार हो गया।
सुरक्षा व्यवस्था को चार बार दे चुका है चकमा
- दंतेवाड़ा जेल: पहली बार दंतेवाड़ा जेल की सुरक्षा में सेंध लगाकर भागा।
- कांकेर जेल: दूसरी बार कांकेर जेल से भागने में सफल रहा।
- मेकाज अस्पताल: तीसरी बार इलाज के दौरान पुलिस अभिरक्षा को चकमा दिया (हालांकि इसे कुछ ही घंटों में पकड़ लिया गया था)।
- जगदलपुर जेल: चौथी बार जगदलपुर केंद्रीय जेल की दीवार फांदकर फरार हुआ।
फरारी के मददगारों की तलाश जारी
नारायणपुर से गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर फरारी के दौरान उसे शरण देने वाले मददगारों और उसके ठिकानों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।



