रायपुर में राजीव भवन घेराव के दौरान बवाल, पुलिस पर पथराव, 16 जवान घायल, कांग्रेस के 12 नेताओं समेत अन्य पर FIR

FIR Against Congress Leaders: राजधानी रायपुर में भाजपा के कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन घेराव के दौरान हुए हिंसक बवाल के मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। खम्हारडीह पुलिस ने कांग्रेस के 12 नेताओं और अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस बल पर पत्थर, कांच की बोतलें, लकड़ी और जूते फेंके, जिससे ड्यूटी पर तैनात 16 पुलिसकर्मी घायल हो गए। इनमें एक सब-इंस्पेक्टर और एक महिला आरक्षक भी शामिल हैं। घटना के बाद देर रात रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला रामकृष्णा केयर अस्पताल पहुंचे और घायल पुलिस जवानों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से घायलों के इलाज की जानकारी ली और सभी के बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें:- चार बार जेल व कस्टडी से भागा ‘बस्तर का नटवरलाल’ नारायणपुर से गिरफ्तार
बैरिकेडिंग पर बढ़ा विवाद, फिर शुरू हुआ पथराव
खम्हारडीह थाना प्रभारी भावेश कुमार गौतम के मुताबिक प्रधानमंत्री आवास घेराव के विरोध में राजीव भवन घेराव कार्यक्रम को देखते हुए खम्हारडीह थाना, रक्षित केंद्र और अन्य थानों का पुलिस बल सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किया गया था। इसी दौरान प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए बैरिकेडिंग तक पहुंच गए। पुलिस ने उन्हें रोकने और समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। पुलिस का आरोप है कि इसके बाद प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और पुलिस बल पर कांच की बोतलें, पत्थर, लकड़ी और जूते फेंकने लगे। पथराव और झड़प में कुल 16 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी घायल हुए। (FIR Against Congress Leaders)

प्रशिक्षु उप निरीक्षक देवराज सिंह के सिर पर कांच की बोतल लगने से गंभीर चोट आई। एक पुलिसकर्मी के कान के पास गंभीर चोट लगी, जबकि कई जवानों के सिर, हाथ, पैर और घुटनों में चोटें आईं। महिला आरक्षक सीमा बंजारे समेत अन्य पुलिसकर्मियों को भी इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घायल जवान कलेश्वर वर्मा ने बताया कि बैरिकेडिंग के दौरान भीड़ में फंस जाने से उन्हें सांस लेने में परेशानी हुई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बाद हालात पर काबू पाया गया और किसी बड़ी अप्रिय घटना को टाल दिया गया।

कांग्रेस के 12 नेताओं समेत अन्य पर FIR
घटना की जानकारी मिलते ही रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला देर रात रामकृष्णा केयर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल जवानों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और चिकित्सकों से चर्चा कर इलाज की जानकारी ली। पुलिस कमिश्नर ने सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पुलिस ने इस मामले में कांग्रेस नेता सुनील कुकरेजा, विनोद तिवारी, सकलेन कामदार, आकाश तिवारी, अजीत कुकरेजा, हनी बग्गा, शांतनु झा, गावेश साहू, खुबी डहरिया, सागर दुल्हानी, अजीज भिंसरा, अमित तिवारी समेत अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों पर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, कानून-व्यवस्था प्रभावित करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल पर हमला करने के आरोप हैं। (FIR Against Congress Leaders)
वीडियो फुटेज के आधार पर जांच जारी
पुलिस ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। फुटेज के आधार पर अन्य प्रदर्शनकारियों की पहचान की जा रही है। जांच में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके नाम भी FIR में जोड़े जाएंगे। बता दें कि मंगलवार रात राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकभवन के बाहर प्रदर्शन किया था। इसके अगले दिन भाजपा ने कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन के घेराव का कार्यक्रम आयोजित किया। इसी दौरान दोनों पक्षों के समर्थकों और पुलिस के बीच तनाव बढ़ गया, जिसके बाद झड़प, पथराव और हिंसक घटनाएं सामने आईं। यानी राजीव भवन घेराव के दौरान हुई हिंसा अब सियासी टकराव से आगे बढ़कर कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गई है।




