पूर्व मंत्री अमरजीत भगत बोले- भेंट मुलाकात सुपरहिट, सुशासन तिहार पूरी तरह फ्लॉप, कैबिनेट मंत्री जायसवाल ने कहा- भेंट मुलाकात थी पूर्व नियोजित

Bhent Mulaqat Vs Sushasan Tihar: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर कांग्रेस सरकार के दौर के ‘भेंट मुलाकात’ और वर्तमान भाजपा सरकार के ‘सुशासन तिहार’ को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है। पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने भाजपा सरकार के सुशासन तिहार को सुपर फ्लॉप करार देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भेंट मुलाकात कार्यक्रम को सुपरहिट बताया है। वहीं भाजपा सरकार की ओर से स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने पलटवार करते हुए कहा कि भेंट मुलाकात कार्यक्रम पूरी तरह पूर्व नियोजित और प्रायोजित था, जबकि सुशासन तिहार वास्तविक समस्याओं के समाधान का अभियान है।
यह भी पढ़ें:- मुख्यमंत्री साय का छात्रों को संदेश: मन लगाकर पढ़ें, शिक्षा ही सफलता की असली कुंजी
पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि कांग्रेस सरकार भले ही सत्ता में वापस नहीं आ सकी, लेकिन भूपेश बघेल का भेंट मुलाकात कार्यक्रम आज भी लोगों के बीच चर्चा का विषय है। उन्होंने कहा कि उस कार्यक्रम के जरिए मुख्यमंत्री सीधे गांवों और आम जनता तक पहुंचे थे। साथ ही लोगों की समस्याओं को मौके पर सुनकर उनका निराकरण किया गया था। भगत ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार का सुशासन तिहार सिर्फ प्रचार का माध्यम बनकर रह गया है और इससे जनता को अपेक्षित लाभ नहीं मिला। उन्होंने दावा किया कि भेंट मुलाकात का प्रभाव आज भी ग्रामीण क्षेत्रों में दिखाई देता है, जबकि सुशासन तिहार जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया। (Bhent Mulaqat Vs Sushasan Tihar)
मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का पलटवार
भगत के बयान पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार का भेंट मुलाकात कार्यक्रम पहले से तय और प्रायोजित गतिविधि था, जहां चुनिंदा लोगों से संवाद कराया जाता था। जायसवाल ने कहा कि भाजपा सरकार का सुशासन तिहार पूरी तरह जमीनी स्तर पर आधारित अभियान है, जिसमें जनता को सीधे अपनी समस्याएं और मांगें रखने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि शिविरों में प्राप्त लाखों आवेदन इस बात का प्रमाण हैं कि सरकार जनता तक पहुंचने और समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर है। (Bhent Mulaqat Vs Sushasan Tihar)
क्या कहते हैं सुशासन तिहार के आंकड़े?
भाजपा सरकार सुशासन तिहार की सफलता के लिए आंकड़ों को आधार बना रही है। सरकार के मुताबिक प्रदेशभर में 40 दिनों तक चले इस अभियान के दौरान लाखों लोगों ने अपनी मांगें और शिकायतें दर्ज कराईं। प्रदेश में 40 दिनों तक चले सुशासन तिहार के दौरान 33 जिलों में कुल 1286 समाधान शिविर आयोजित किए गए। इस अभियान के तहत अलग-अलग माध्यमों से कुल 7 लाख 21 हजार 70 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 6 लाख 91 हजार 305 आवेदन मांगों से संबंधित थे, जबकि 29 हजार 765 आवेदन शिकायतों से जुड़े रहे। वहीं समाधान शिविरों के माध्यम से कुल 6 लाख 43 हजार 334 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 6 लाख 17 हजार 111 आवेदन जनहित और विकास कार्यों से जुड़ी मांगों के थे। 26 हजार 223 आवेदन शिकायतों से संबंधित रहे। सरकार के मुताबिक प्राप्त कुल आवेदनों में लगभग 95.9 प्रतिशत आवेदन विकास कार्यों और आम जनता की मांगों से जुड़े रहे, जो लोगों की अपेक्षाओं और बुनियादी जरूरतों को दर्शाते हैं।

क्या है सुशासन तिहार का उद्देश्य ?
राज्य सरकार के मुताबिक सुशासन तिहार-2026 का मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा, विकास कार्यों में तेजी लाना तथा आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के साथ सीधा संवाद स्थापित करना भी इस अभियान का लक्ष्य रहा। सरकार का दावा है कि इस पहल के जरिए प्रशासन को गांव और वार्ड स्तर तक पहुंचाकर समस्याओं का मौके पर समाधान करने का प्रयास किया गया। दरअसल, कांग्रेस और भाजपा दोनों ही अपने-अपने जनसंपर्क अभियानों को जनता के बीच प्रभावी साबित करने की कोशिश कर रही हैं। कांग्रेस जहां भूपेश बघेल सरकार के भेंट मुलाकात कार्यक्रम को जनविश्वास का प्रतीक बता रही है, वहीं भाजपा सुशासन तिहार के जरिए प्रशासनिक जवाबदेही और जनसमस्याओं के समाधान का दावा कर रही है। आंकड़ों और दावों के बीच यह बहस अब राजनीतिक रूप ले चुकी है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि जनता किस अभियान को ज्यादा प्रभावी मानती है और किसके दावे को ज्यादा भरोसेमंद समझती है।



