13 जुलाई से शुरू होगा छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र, 5 दिनों तक चलेंगी 5 अहम बैठकें

Chhattisgarh Assembly Monsoon Session : छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र (Chhattisgarh Assembly Monsoon Session) आगामी 13 जुलाई 2026 से शुरू होगा। विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार पंचम विधानसभा का दशम सत्र 13 जुलाई से 17 जुलाई 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान कुल 5 बैठकें आयोजित होंगी, जिनमें कई महत्वपूर्ण शासकीय और विधायी कार्यों पर चर्चा की जाएगी।
विधानसभा सचिवालय के मुताबिक सत्र के पहले चार दिनों में प्रश्नोत्तर काल के साथ विभिन्न शासकीय कार्यों का संचालन किया जाएगा। वहीं अंतिम दिन 17 जुलाई को प्रश्नोत्तर और शासकीय कार्यों के अलावा अंतिम दो घंटे अशासकीय कार्य भी लिए जाएंगे।
इस मानसून सत्र के दौरान वित्तीय मामलों सहित विभिन्न विभागों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही सरकार द्वारा कई अहम विधायी कार्य और प्रस्ताव भी सदन में प्रस्तुत किए जाने की संभावना है।
मानसून सत्र को लेकर प्रदेश की राजनीतिक सरगर्मियां भी तेज हो गई हैं। विपक्ष जहां जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को सदन में उठाने की तैयारी में है, वहीं सरकार अपनी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की रणनीति बना रही है।
विधानसभा सचिवालय के सचिव दिनेश शर्मा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि सत्र की दिनदर्शिका पहले ही जारी कर दी गई है। पूरे सत्र में प्रश्नोत्तर, वित्तीय मामलों और अन्य शासकीय कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
मानसून सत्र के दौरान कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना को देखते हुए राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। (Chhattisgarh Assembly Monsoon Session)





