पूर्व CM भूपेश बघेल ने EVM को लेकर फिर उठाए सवाल, चुनाव आयोग ने दिया जवाब

Bhupesh Baghel on EVM: छत्तीसगढ़ के पूर्व CM और राजनांदगांव से कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल ने मतगणना से पहले EVM को लेकर फिर सवाल उठाए हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि चुनाव आयोग ने चुनाव में प्रयुक्त होने वाली मशीनों के नंबर दिए थे। इसमें बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट शामिल है। मेरे चुनाव क्षेत्र राजनांदगांव मतदान के बाद फॉर्म 17सी में जो जानकारी दी गई है उसके अनुसार बहुत सी मशीनों के नंबर बदल गए हैं। जिन बूथों पर नंबर बदले हैं उससे हजारों वोट प्रभावित होते हैं। और भी कई लोकसभा क्षेत्रों में यही शिकायतें मिली हैं। हम राज्य निर्वाचन पदाधिकारी से शिकायत कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें:- हम खुद पर होने वाले हमले नहीं रोक पाए: मुख्य चुनाव आयुक्त
उन्होंने कहा कि भारत चुनाव आयोग को जवाब देना चाहिए कि किन परिस्थितियों में मशीनें बदली गई हैं। साथ ही चुनाव परिणाम पर होने वाले असर के लिए कौन जिम्मेदार होगा? बदले हुए नंबरों की सूची बहुत लंबी है। इस पर छत्तीसगढ़ मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबा साहेब कंगाले ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस उम्मीदवार के साथ साझा की गई EVM की संख्या में कथित विसंगति तथ्यों पर आधारित नहीं है। मतदान के दौरान इस्तेमाल की गई EVM मशीनें निर्वाचन अधिकारी द्वारा चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के साथ रैंडमाइजेशन के बाद साझा की गई मशीनों की सूची के अनुसार ही हैं। (Bhupesh Baghel on EVM)

चुनाव आयोग ने कहा कि मतदान और मॉक पोल के दौरान कुछ यांत्रिक-तकनीकी खराबी के कारण बदली गई मशीनों की सूची भी उम्मीदवारों के साथ साझा की गई है। इसके अलावा मतदान एजेंटों ने मतदान शुरू होने से पहले EVM को सील करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले पेपर सील पर हस्ताक्षर किए हैं। मतदान के अगले दिन स्वतंत्र पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में जांच के दौरान किसी भी उम्मीदवार द्वारा ऐसा कोई मुद्दा नहीं उठाया गया। सभी पेपर सीलों को वास्तविक मतगणना के समय फॉर्म 17 (सी) में उल्लिखित संख्या के साथ सत्यापित किया जा सकता है। मतपत्र, नियंत्रण इकाइयों और VVPAT की विशिष्ट संख्या को मतदान से पहले और बाद में उम्मीदवारों के साथ साझा की गई सूचियों से भी सत्यापित किया जा सकता है। इसलिए मतदान के बाद EVM में कथित बदलाव का आरोप निराधार है। (Bhupesh Baghel on EVM)



