हम खुद पर होने वाले हमले नहीं रोक पाए: मुख्य चुनाव आयुक्त
CEC Rajiv Kumar: भारत में कल (4 जून) लोकसभा चुनाव के वोटों की गिनती होगी। इससे पहले चुनाव आयोग ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि हमने 642 मिलियन मतदाताओं का विश्व रिकॉर्ड बनाया है। यह सभी G7 देशों के मतदाताओं का 1.5 गुना और EU के 27 देशों के मतदाताओं का 2.5 गुना है। इस लोकसभा चुनाव में जम्मू-कश्मीर में मतदान प्रतिशत पिछले चार दशकों में सबसे ज्यादा है।
यह भी पढ़ें:- मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए CM साय ने दिए निर्देश, पढ़ें पूरी खबर
उन्होंने कहा कि चुनाव कर्मियों के सावधानीपूर्वक कार्य के कारण हम कम पुनर्मतदान सुनिश्चित करते हैं – हमने 2024 के लोकसभा चुनाव में 39 पुनर्मतदान देखे, जबकि 2019 में 540 पुनर्मतदान हुए थे और 39 में से 25 पुनर्मतदान केवल 2 राज्यों में हुए थे। यह उन आम चुनावों में से एक है, जिसमें हमने हिंसा नहीं देखी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने 4 जून को लोकसभा चुनाव के परिणाम घोषित करने के लिए अपनाई जाने वाली मतगणना प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि संपूर्ण मतगणना प्रक्रिया पूरी तरह से मजबूत है। यह घड़ी की सटीकता के समान काम करती है। (CEC Rajiv Kumar)
पहले पोस्टल बैलेट की गिनती शुरू होगी: चुनाव आयोग
राजीव कुमार ने कहा कि अगर पोस्ट पोल हिंसा कहीं भी होती है तो इसके लिए हमने पहली बार निर्णय लिया है कि MCC के बाद भी कुछ राज्यों में पैरामिलिट्री फोर्स रहेगी। हम बहुत जल्द जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती शुरू होगी। उसके आधे घंटे बाद ही हम EVM की गिनती शुरू कर देंगे। इसमें कोई संदेह नहीं है। CEC ने कहा कि हम पर झूठे आरोप लगाए गए। हमें लापता जेंटलमेन कहा गया, लेकिन हमने फेक न्यूज रोकी। हालांकि खुद पर होने वाले हमले नहीं रोक पाए। (CEC Rajiv Kumar)
कांग्रेस नेता जयराम रमेश के आरोप पर जवाब
वहीं कांग्रेस नेता जयराम रमेश के इस आरोप पर कि केंद्रीय गृह मंत्री ने डीएम/आरओ (रिटर्निंग ऑफिसर) को फोन किया, मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि ऐसा कैसे हो सकता है?…क्या कोई उनको (डीएम/आरओ) प्रभावित कर सकता है? हमें बताएं कि यह किसने किया, हम उसको सजा देंगे…यह ठीक नहीं है कि आप अफवाह फैलाएं और सभी को शक के दायरे में ले आएं। उन्होंने कहा कि शक का इलाज तो हकीम लुकमान के पास भी नहीं है। मंजूर है इल्जाम लगाओ हम पर, शर्त इतनी है कि साथ में सबूत भी हो। बता दें कि कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने 1 जून को कहा था कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 150 कलेक्टरों को धमकाया है। इस पर चुनाव आयोग ने सबूत मांगा था। (CEC Rajiv Kumar)



