Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में अफीम की खेती को लेकर सियासत तेज, पूर्व CM भूपेश बघेल ने सरकार पर लगाया गंभीर आरोप

Bhupesh Baghel on Opium: छत्तीसगढ़ में अवैध अफीम की खेती को लेकर राजनीतिक घमासान बढ़ गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि अफीम की खेती को गृहमंत्री का संरक्षण है। पूरा देश देख रहा है कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार अफीम की खेती करने वाले भाजपा नेता को बचा रही है। पूरा गृह विभाग उसके संरक्षण में लगाया गया है। छत्तीसगढ़ को सूखे नशे का गढ़ बनाकर चुप्पी साधे बैठे सरकार से जनता जवाब चाहती है। उन्होंने कहा कि मैंने पहले ही कहा था कि दुर्ग तो महज पर्दाफाश की शुरुआत थी। अफीम समेत सूखे नशे का कारोबार सुनियोजित तरीके से मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के संरक्षण में चल रहा है।

यह भी पढ़ें:- दुर्ग के बाद बलरामपुर में भी अफीम की खेती, छत्तीसगढ़ में कैसे फैला अफीम का नेटवर्क ?

पूर्व CM ने कहा कि दुर्ग में जो भाजपा नेता अफीम की खेती करते पकड़ा गया, उसे सरकार ने मुख्य आरोपी तक नहीं बनाया। यह खेल बड़ा है। पूरी भाजपा इस नशे के कारोबार में लिप्त है। भूपेश बघेल ने आगे कहा कि सरकार बेशर्मी छोड़े! बलरामपुर में पकड़ी गई अफीम की खेती में भी भाजपा के लोग ही संलिप्त हैं। शासन-प्रशासन के लोग पूरी तरह से यह खबर दबाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गृह विभाग से हम कहना चाहते हैं कि पुलिस वालों पर दवाब न डालें और न ही उन्हें बोलने से रोकें। जनसम्पर्क को भी मीडिया मैनेजमेंट के लिए लगाया गया है। (Bhupesh Baghel on Opium)

जनता इनका असली चेहरा उजागर करें: भूपेश

उन्होंने कहा कि जनता से अपील है कि आप लोग सोशल मीडिया पर खामोश नहीं रहें, इनका असली चेहरा उजागर करें। गृहमंत्री विजय शर्मा इस्तीफा दें। बलरामपुर में जहां अफीम पकड़ी गई है, उस गांव के सरपंच का कहना है कि यहां अफीम की खेती होने की सूचना उसने जनवरी में ही पुलिस को दी थी, लेकिन फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। देश और प्रदेश देख रहा है, जिस तरीके से दुर्ग में भाजपा नेता द्वारा की जा रही अफीम की खेती के बाद भी उसे मुख्य आरोपी नहीं बनाया गया, जिस तरीके से बलरामपुर में पुलिस को सूचना के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।

गृहमंत्री को बर्खास्त कर देना चाहिए: बघेल

बघेल ने कहा कि इससे स्पष्ट है कि सूखे नशे का यह नेटवर्क सरकार के संरक्षण में चल रहा है। अगर सरकार के मुखिया को जरा भी नैतिकता का अहसास तो तुरंत ऐसे गृहमंत्री को बर्खास्त कर देना चाहिए। वर्ना ‘सुशासन’ की आड़ में छिपकर खेला जा रहा सूखे नशे का यह व्यापारिक खेल स्पष्ट करता है कि पूरी सरकार और भाजपा ही इस कारोबार की “पार्टनर इन क्राइम” है। “सूखा नशा ही सुशासन है”। पूर्व डिप्टी TS सिंहदेव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नशे का कारोबार बेलगाम हो चुका है।

किसके संरक्षण में मिल रही छूट ?: सिंहदेव

सिंहदेव ने कहा कि दुर्ग के बाद अब बलरामपुर जिले के कुसमी ब्लॉक के त्रिपुरी गांव के सरनाटोली में 3.54 एकड़ में अफीम की खेती पकड़ी गई और हैरानी की बात यह कि आधा से ज्यादा अवैध पदार्थ पहले ही खपाया जा चुका है। इतने बड़े पैमाने पर अफीम की खेती बिना प्रशासन और सरकार की नाक के नीचे कैसे चल रही थी ? यह साफ दिखाता है कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था और निगरानी पूरी तरह फेल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि सवाल सीधा है- नशे के इस कारोबार को पनपने की छूट किसके संरक्षण में मिल रही है? (Bhupesh Baghel on Opium)

Back to top button
error: Content is protected !!