बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग कल, दिल्ली में ब्लास्ट के बाद हाई अलर्ट

Bihar Assembly Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 122 सीटों पर कल यानी 11 नवंबर को मतदान होगा। मतदान सुबह 7 बजे शुरू होकर शाम 5 बजे तक चलेगा। इसके लिए राज्य में कुल 45,399 बूथ तैयार किए गए हैं। वहीं दिल्ली में लाल किले के पास कार में हुए ब्लास्ट के बाद बिहार में हाई अलर्ट जारी किया गया है। नेपाल से जुड़े 7 जिलों में सबसे ज्यादा चेकिंग की जा रही है। सभी शहरों में बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और बाहरी राज्यों से आने वाली गाड़ियों की जांच की जा रही है। पटना में रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
यह भी पढ़ें:- Bank scam in Chhattisgarh : 85 लाख का गबन उजागर, छह कर्मचारी गिरफ्तार, चार आरोपी अब भी फरार
इस चरण में 1,302 उम्मीदवार मैदान में हैं। प्रदेश के सभी सीमावर्ती इलाकों में चौकसी बढ़ा दी गई है। वोटिंग के चलते पूरे प्रदेश में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। नेपाल बॉर्डर को 11 नवंबर की रात तक सील किया गया है। सिर्फ बिहार के मतदाताओं को आने की परमिशन है। 14 नवंबर को मतगणना होगी। पहले चरण में रिकॉर्ड 65% वोटिंग दर्ज की गई थी। इधर, इमामगंज प्रखंड के हेरहज, पथरा और केवलडीह गांव के मतदाता 2001 के बाद पहली बार अपने गांव में ही वोट डाल सकेंगे। पहले नक्सलियों की वजह से इन गांवों का पोलिंग बूथ 10-12 किमी दूर सलैया में बनाया गया था, जिससे ग्रामीण मतदान से वंचित रह जाते थे। (Bihar Assembly Election 2025)

निर्वाचन विभाग ने मतदान केंद्रों पर तीन लेयर सुरक्षा की व्यवस्था की है। किसी भी गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। निगरानी के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है और मतदान की मॉनिटरिंग वेबकॉस्टिंग के माध्यम से होगी। सुरक्षा में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की लगभग 500 कंपनियां यानी 50,000 जवान, दूसरे राज्यों से आए रिजर्व बटालियनों के 2,000 जवान, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के 30,000 जवान, 20,000 से ज्यादा होमगार्ड, लगभग 19,000 नए भर्ती कॉन्स्टेबल और ग्रामीण पुलिस के तौर पर 1.5 लाख चौकीदार तैनात किए गए हैं। (Bihar Assembly Election 2025)
ओपिनियन पोल में एनडीए को बढ़त
इसके अलावा भारत-नेपाल सीमा 72 घंटे के लिए बंद कर दी गई है। सीमा पर सशस्त्र सीमा बल की टीमें तैनात हैं और वाहनों-संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की जा रही है। कुल 20 सीटों के 4,109 बूथ संवेदनशील घोषित किए गए हैं। इन बूथों पर वोटिंग का समय 1 घंटा बढ़ाकर सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक कर दिया गया है। इनमें कटोरिया, बेलहर, चैनपुर, चेनारी, गोह, नवीनगर, कुटुंबा, औरंगाबाद, रफीगंज, गुरुआ और शेरघाटी के बूथ शामिल हैं। ओपिनियन पोल एनडीए के पक्ष में रुझान दिखा रहे हैं। आईएएनएस-मैटराइज, पोलस्ट्रैट और चाणक्य की सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक आईएएनएस-मैटराइज में एनडीए 153-164 सीटें, इंडिया गठबंधन 76-87 सीटें, पोलस्ट्रैट में एनडीए 133-143, महागठबंधन 93-102 सीटें और चाणक्य ने एनडीए 128-134, विपक्षी गठबंधन 102-108 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। (Bihar Assembly Election 2025)
चुनावी प्रचार का रुझान
तीनों सर्वे का औसत देखें तो एनडीए लगभग 140 सीटों के आसपास बहुमत की स्थिति में है, जबकि महागठबंधन को 76-108 सीटें और अन्य दलों को 2-9 सीटों का अनुमान है। यह संकेत देता है कि नीतीश कुमार और पीएम मोदी की जोड़ी बिहार की सत्ता दौड़ में फिलहाल मजबूत स्थिति में है। भाजपा प्रचार में सबसे सक्रिय रही। केंद्रीय मंत्री, राज्य और अन्य राज्यों के नेता लगातार सभाओं और रोड शो में शामिल रहे। पहले चरण में भाजपा शासित 13 राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने प्रचार किया, जिनमें योगी आदित्यनाथ, देवेंद्र फडणवीस, भूपेंद्र सिंह पटेल शामिल थे। दूसरे चरण में भी CM योगी आदित्यनाथ, हिमंत बिस्वा सरमा, रेखा गुप्ता और नायब सिंह सैनी सक्रिय रहे। सबसे ज्यादा 172 सभा केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने किए। इसके बाद महागठबंधन के CM फेस और RJD नेता तेजस्वी यादव ने 171 सभाओं को संबोधित किया।
इन्होंने किया सबसे ज्यादा प्रचार
CM नीतीश कुमार ने 84, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 38, UP के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 34, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 20, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 16, कांग्रेस सांसद और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 13 और सांसद प्रियंका गांधी ने 8 सभाओं को संबोधित किया। बिहार विधानसभा के 243 सीटों पर चुनाव के परिणाम 14 नवंबर को घोषित होंगे। पहले चरण के मतदान और सर्वे के रुझान के आधार पर यह चुनाव सत्ता परिवर्तन के बजाय सत्ता की पुनर्वापसी का संकेत दे रहा है। हालांकि ये सिर्फ कायस है। असली नतीजे 14 नवंबर को जारी होंगे और दोपहर तक साफ हो जाएगा कि किस गठबंधन की सरकार बन रही है। (Bihar Assembly Election 2025)



