दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास धमाका, 8 लोगों की मौत, हाई अलर्ट जारी

Blast in Delhi: दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास सोमवार शाम लगभग 6:55 बजे एक भयानक धमाका हुआ। पार्किंग में खड़ी एक कार में विस्फोट के तुरंत बाद आग फैल गई। इसके कारण आसपास खड़ी तीन और गाड़ियां भी जल गईं। इस धमाके में 8 लोगों की मौत हुई है, जबकि 24 लोग घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत LNJP अस्पताल ले जाया गया। लोक नायक जय प्रकाश नारायण अस्पताल के अधीक्षक ने कहा कि 15 लोगों को लोक नायक अस्पताल लाया गया है। उनमें से 8 की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। तीन गंभीर रूप से घायल हैं। एक की हालत स्थिर है। धमाके की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर डिपार्टमेंट की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। फायर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि धमाके के कारणों की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें:- मुख्यमंत्री साय ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से की सौजन्य भेंट
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने पूरे इलाके को घेर लिया है। आसपास के CCTV फुटेज को खंगाला जा रहा है। धमाके के बाद दिल्ली में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास की दुकानों के शीशे और दरवाजे-खिड़कियां टूट गईं और लोगों में दहशत फैल गई। मेट्रो स्टेशन और आसपास के इलाके में पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए हैं। आग और धमाके के कारण आसपास का क्षेत्र बंद किया गया है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा कि जब हमने सड़क पर किसी का हाथ देखा, तो हम बिल्कुल चौंक गए। मैं इसे शब्दों में बयां नहीं कर सकता। फिलहाल ब्लास्ट की वजह अभी साफ नहीं है।

दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सिर्फ आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें। इधर, हरियाणा के फरीदाबाद में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक डॉक्टर मुजम्मिल शकील को गिरफ्तार किया है। उनके घर से लगभग 360 किलो विस्फोटक बरामद हुआ है। इसके साथ ही असॉल्ट राइफल और कारतूस भी पाए गए। मुजम्मिल शकील फरीदाबाद की अलफलाह यूनिवर्सिटी में पढ़ाते थे और पुलवामा के कोइल के रहने वाले हैं। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने लखनऊ से मुजम्मिल की गर्लफ्रेंड डॉक्टर शाहीन शाहिद को भी गिरफ्तार किया है। उनकी कार का इस्तेमाल रविवार को कश्मीर में संदिग्ध सामग्री ले जाने के लिए किया गया था।

इससे पहले 7 नवंबर को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सहारनपुर से डॉ. आदिल अहमद को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आतंकियों के कब्जे से अब तक कुल 2900 किलो IED बनाने की सामग्री बरामद की गई है। यह मॉड्यूल जैश-ए-मोहम्मद (JeM) और अंसर गजवात-उल-हिंद (AGuH) जैसे प्रतिबंधित संगठनों से जुड़ा हुआ था। आरोपी विदेशी हैंडलर्स के निर्देश पर काम करते थे और सोशल मीडिया-एन्क्रिप्टेड चैनलों के जरिए आतंकी गतिविधियां अंजाम देते थे। फरीदाबाद के पुलिस कमिश्नर सतेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि पिछले 15 दिनों से हरियाणा और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मिलकर एक जॉइंट ऑपरेशन चलाया, जो अब भी जारी है। (Blast in Delhi)




